Summer express, गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले में लगातार बढ़ रही गर्मी और लू के प्रकोप को देखते हुए जिला प्रशासन ने सभी स्कूलों में ग्रीष्मकालीन अवकाश घोषित कर दिया है। माध्यमिक शिक्षा विभाग और बेसिक शिक्षा परिषद से मान्यता प्राप्त सभी विद्यालयों में 23 मई से समर वेकेशन लागू होगा।
जिला विद्यालय निरीक्षक की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि जिले में इन दिनों तापमान लगातार बढ़ रहा है और मौसम विभाग ने भीषण गर्मी व लू को लेकर अलर्ट जारी किया है। ऐसे मौसम में बच्चों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल असर पड़ने की आशंका को देखते हुए यह फैसला लिया गया है।
प्रशासन के अनुसार कुछ स्कूलों में अभी तक छुट्टियों की घोषणा नहीं की गई थी, जिससे विद्यार्थियों के लिए परेशानी बढ़ सकती थी। इसी को ध्यान में रखते हुए सभी बोर्ड से संबद्ध स्कूलों में ग्रीष्मावकाश लागू करने के निर्देश जारी किए गए हैं।
हालांकि, आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि सीबीएसई बोर्ड की परीक्षाएं पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार संचालित होती रहेंगी। जिला प्रशासन ने सभी स्कूल प्रबंधन को निर्देश दिए हैं कि आदेश का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जाए।
इसके साथ ही अभिभावकों से अपील की गई है कि बच्चों को तेज धूप और लू से बचाने के लिए जरूरी सावधानियां बरतें और दोपहर के समय घर से बाहर निकलने से बचाएं।