Summer express/ शिमला, संजू -:पेट्रोल और डीजल की कीमतों में लगातार हो रही बढ़ोतरी ने आम लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में पेट्रोल की कीमत 102 रुपये प्रति लीटर के पार पहुंच गई है, जबकि डीजल के दाम भी लगातार बढ़ रहे हैं। महंगे ईंधन का असर अब सीधे लोगों के दैनिक खर्च और सफर पर दिखाई देने लगा है।
पेट्रोल पंपों पर वाहन चालकों ने बढ़ती कीमतों को लेकर नाराज़गी जताई। लोगों का कहना है कि यदि कभी-कभार थोड़ी बढ़ोतरी होती तो उसे सहन किया जा सकता था, लेकिन लगातार हर रोज दाम बढ़ने से आम आदमी का बजट बिगड़ गया है। खासकर नौकरीपेशा और मध्यम वर्ग के लोग इससे सबसे ज्यादा प्रभावित हो रहे हैं।वाहन चालकों का कहना है कि निजी वाहन चलाना अब महंगा पड़ने लगा है। वहीं दूसरी ओर सार्वजनिक परिवहन का किराया बढ़ने की आशंका भी लोगों को परेशान कर रही है। लोगों का कहना है कि पेट्रोल-डीजल महंगा होने से हर चीज की कीमत बढ़ती है, जिसका असर सीधे आम जनता पर पड़ता है।कुछ लोगों ने तेल कंपनियों और सरकार की नीतियों पर सवाल उठाते हुए कहा कि कंपनियां नुकसान होने पर तुरंत दाम बढ़ा देती हैं, लेकिन जब मुनाफा होता है तब राहत नहीं दी जाती। लोगों का आरोप है कि आम जनता पर लगातार आर्थिक बोझ डाला जा रहा है।हालांकि कुछ वाहन चालकों का कहना है कि फिलहाल वे किसी तरह खर्च संभाल रहे हैं, लेकिन यदि इसी तरह कीमतें बढ़ती रहीं तो भविष्य में गाड़ी चलाना मुश्किल हो जाएगा। लोगों ने सरकार से पेट्रोल और डीजल की कीमतों पर नियंत्रण लगाने की मांग की है।