Summer express/धर्मशाला, राहुल-: हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला स्थित पुलिस ग्राउंड में 28 से 30 मई तक तीन दिवसीय तिब्बती सांस्कृतिक महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। इस उत्सव के माध्यम से लोगों को तिब्बती संस्कृति, परंपराओं और कला को करीब से जानने और समझने का अवसर मिलेगा। कार्यक्रम में तिब्बती समुदाय की समृद्ध विरासत की झलक विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और प्रदर्शनों के जरिए देखने को मिलेगी।
मंगलवार को आयोजित प्रेस वार्ता में केंद्रीय तिब्बती प्रशासन के प्रवक्ता तेन्जिन लेक्शे ने बताया कि महोत्सव का उद्देश्य तिब्बती संस्कृति और मानवीय मूल्यों को लोगों तक पहुंचाना है। तीन दिनों तक चलने वाले इस आयोजन में पारंपरिक तिब्बती नृत्य, संगीत और लोक कलाओं की आकर्षक प्रस्तुतियां दी जाएंगी, जो दर्शकों को तिब्बती सभ्यता से रूबरू कराएंगी।उत्सव के दौरान मेडिकल कैंप का भी आयोजन किया जाएगा, जहां लोगों को स्वास्थ्य संबंधी सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएंगी। इसके साथ ही तिब्बती साहित्य, इतिहास और धर्म से जुड़ी पुस्तकों की प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। आयोजकों का मानना है कि तिब्बती संस्कृति में रुचि रखने वाले लोगों के लिए यह महोत्सव ज्ञानवर्धक और प्रेरणादायक साबित होगा।विशेष बात यह है कि तिब्बती धर्मगुरु दलाई लामा के 90वें जन्मवर्ष को तिब्बती समुदाय “कम्पैशन ईयर” के रूप में मना रहा है। इसी उपलक्ष्य में धर्मगुरु के जीवन और संदेशों पर आधारित एक विशेष फिल्म का हिंदी में प्रदर्शन भी किया जाएगा। आयोजकों ने लोगों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर तिब्बती संस्कृति और परंपराओं का अनुभव करने की अपील की है।