Summer express/कांगड़ा-:कांगड़ा जिले के इंदौरा विधानसभा क्षेत्र में पंचायती राज चुनाव के पहले चरण के तहत मंगलवार को मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण तरीके से शुरू हुई। क्षेत्र की 58 पंचायतों में सुबह से ही मतदाताओं में उत्साह देखने को मिला और लोग लोकतंत्र के इस महापर्व में भाग लेने के लिए मतदान केंद्रों पर पहुंचते नजर आए। ग्रामीण क्षेत्रों में भी मतदान को लेकर लोगों में खासा उत्साह दिखाई दिया।
इसी दौरान इंदौरा के विधायक मलेंद्र राजन भी अपने मतदान केंद्र पहुंचे और मतदान कर लोकतांत्रिक प्रक्रिया में भागीदारी निभाई। मतदान करने के बाद उन्होंने मीडिया से बातचीत करते हुए क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में मतदान करने की अपील की। उन्होंने कहा कि पंचायती राज चुनाव गांवों के विकास और स्थानीय नेतृत्व के चयन का महत्वपूर्ण माध्यम हैं, इसलिए हर मतदाता को अपने मताधिकार का प्रयोग अवश्य करना चाहिए।
विधायक मलेंद्र राजन ने कहा कि इंदौरा विधानसभा क्षेत्र की 58 पंचायतों में पहले चरण के तहत मतदान हो रहा है, जबकि अन्य पंचायतों में आगामी चरणों में मतदान कराया जाएगा। उन्होंने लोगों से योग्य, ईमानदार और विकास कार्यों को प्राथमिकता देने वाले उम्मीदवारों का चयन करने का आग्रह किया।उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती जनभागीदारी से ही संभव है और पंचायत स्तर पर चुने गए प्रतिनिधि ग्रामीण विकास में अहम भूमिका निभाते हैं। प्रशासन की ओर से भी मतदान प्रक्रिया को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं।