Summer express /धर्मशाला, राहुल -:प्रदेश में आदर्श आचार संहिता लागू होने के बीच सरकार द्वारा आयोजित मंत्रिमंडल बैठक को लेकर राजनीतिक विवाद गहरा गया है। इस मुद्दे पर प्रदेश भाजपा ने राज्यपाल को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की है। बुधवार को धर्मशाला में पत्रकारों से बातचीत करते हुए राज्यपाल कविंद्र गुप्ता ने कहा कि चुनावी माहौल में राजनीतिक दल इस तरह की शिकायतें करते रहते हैं, लेकिन मामले को गंभीरता से लिया गया है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह को पत्र भेजा गया है और यदि किसी प्रकार का उल्लंघन सामने आता है तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
राज्यपाल ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में आचार संहिता का पालन बेहद आवश्यक है और सभी दलों को इसकी मर्यादा बनाए रखनी चाहिए। उन्होंने संकेत दिए कि शिकायत की पूरी जानकारी मिलने के बाद उचित निर्णय लिया जाएगा।इस दौरान राज्यपाल ने प्रदेश में बढ़ते नशे के खतरे पर भी चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि युवाओं को नशे से बचाने के लिए सरकार, सामाजिक संगठनों और परिवारों को मिलकर अभियान चलाना होगा। उनके अनुसार नशा समाज और भविष्य दोनों को प्रभावित कर रहा है, इसलिए जागरूकता और सामूहिक प्रयास जरूरी हैं।धर्मशाला में आयोजित आईपीएल क्वालीफायर मैच पर उन्होंने कहा कि ऐसे बड़े खेल आयोजन पर्यटन को बढ़ावा देते हैं। उन्होंने माना कि धर्मशाला का क्रिकेट स्टेडियम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश की पहचान मजबूत करने में अहम भूमिका निभा रहा है।