Summer express, फरीदाबाद। भीषण गर्मी के बीच फरीदाबाद में पेयजल संकट लगातार गहराता जा रहा है। शहर के कई इलाकों में लोग बूंद-बूंद पानी के लिए परेशान हैं, जबकि दूसरी ओर फरीदाबाद महानगर विकास प्राधिकरण (एफएमडीए) की लापरवाही के चलते हजारों लीटर स्वच्छ पेयजल सड़कों पर बह रहा है। इस स्थिति को लेकर स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है।
जानकारी के अनुसार, सेक्टर-70 स्थित आगमन सोसायटी के पास पानी की पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई है। पाइपलाइन टूटने से सप्लाई का पानी घरों तक पहुंचने के बजाय सड़क पर बह रहा है, जिससे आसपास जलभराव की स्थिति बन गई है। लगातार पानी बहने के कारण इलाके में पेयजल आपूर्ति भी प्रभावित हो रही है।
स्थानीय निवासियों का आरोप है कि मामले की शिकायत एफएमडीए अधिकारियों, एसडीओ और कार्यकारी अभियंता अंकित भारद्वाज को कई बार दी जा चुकी है, लेकिन अब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया। लोगों का कहना है कि एक तरफ शहर में पानी की भारी किल्लत है और दूसरी तरफ प्रशासन की अनदेखी से बड़ी मात्रा में पानी बर्बाद हो रहा है।
शहर में पेयजल आपूर्ति की जिम्मेदारी नगर निगम और एफएमडीए के पास है। हर साल गर्मी शुरू होने से पहले नियमित जलापूर्ति के दावे किए जाते हैं, लेकिन जमीनी हकीकत अलग नजर आ रही है।
डबुआ, नंगला एनक्लेव, मुजेसर, भारत कॉलोनी, प्रेस कॉलोनी, पर्वतीय कॉलोनी, सैनिक कॉलोनी और ग्रेटर फरीदाबाद की कई सोसायटियों में पानी की समस्या गंभीर बनी हुई है। कई क्षेत्रों में लोगों को टैंकरों और निजी जल सप्लाई पर निर्भर रहना पड़ रहा है।
मामले को लेकर एफएमडीए के कार्यकारी अभियंता अंकित भारद्वाज ने कहा कि शिकायत मिलने के बाद संबंधित टीम को पाइपलाइन की मरम्मत के निर्देश दे दिए गए हैं और जल्द ही समस्या का समाधान कर लिया जाएगा।