Summer express, लुधियाना | लुधियाना में शराब के लिए पैसों की लालच एक व्यक्ति की जान पर भारी पड़ गई। शहर के शेरपुर चौक के पास स्थित एक खाली प्लॉट में सुबह एक व्यक्ति का खून से लथपथ शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक के चेहरे और सिर पर भारी पत्थरों से कई वार किए गए थे, जिससे उसका चेहरा पूरी तरह क्षत-विक्षत हो गया। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है।
मृतक की पहचान मोहाली के साहिबजादा अजीत सिंह नगर निवासी 45 वर्षीय बृजमंगल के रूप में हुई है। थाना डिवीजन नंबर छह की पुलिस के अनुसार मंगलवार सुबह सूचना मिली थी कि एनपीसी ट्रांसपोर्ट के पास एक खाली प्लॉट में शव पड़ा हुआ है। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू की और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली।
सीसीटीवी फुटेज में दो व्यक्ति एक अन्य व्यक्ति को सहारा देकर और घसीटते हुए ले जाते दिखाई दिए। इसके बाद पुलिस ने हत्या की आशंका के आधार पर जांच तेज की। जांच के दौरान दोनों संदिग्धों की पहचान शेरपुर चौक क्षेत्र में रहने वाले फैक्ट्री वर्कर संदीप श्रीवास्तव और इशाक अली के रूप में हुई। पुलिस ने दबिश देकर दोनों को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपितों ने खुलासा किया कि वे शराब पीने के आदी हैं और घटना वाली रात भी ठेके के बाहर शराब पी रहे थे। शराब खत्म होने के बाद उनके पास पैसे नहीं बचे थे। इसी दौरान उनकी नजर नशे की हालत में बैठे बृजमंगल पर पड़ी। दोनों उसे बहला-फुसलाकर खाली प्लॉट में ले गए और जेब से पैसे निकालने का प्रयास किया।
जब बृजमंगल ने विरोध किया तो आरोपितों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। इसके बाद उन्होंने पत्थरों से उसके सिर और चेहरे पर ताबड़तोड़ वार किए और उसे गंभीर हालत में वहीं छोड़कर फरार हो गए। अधिक खून बहने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस ने दोनों आरोपितों को अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहन जांच जारी है और वारदात में इस्तेमाल किए गए सामान समेत अन्य साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। साथ ही मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गई है और उनके बयान दर्ज किए जा रहे हैं।