Summer express/चिंतपूर्णी, विकास -:चिंतपूर्णी-तलवाड़ा मुख्य मार्ग पर शुक्रवार को एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। धर्मसाल महंता के समीप एक टैक्सी कार अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे का कारण सड़क पर अचानक आए एक आवारा मवेशी को बताया जा रहा है। राहत की बात यह रही कि कार चालक सुरक्षित बच गया और उसे केवल मामूली चोटें आईं।
जानकारी के अनुसार बधमाणा वार्ड नंबर-5 निवासी एवं सेवानिवृत्त सैनिक बलविंदर सिंह अपनी टैक्सी कार लेकर चिंतपूर्णी की ओर जा रहे थे। जब वह धर्मसाल महंता के पास पहुंचे, तभी अचानक एक बेसहारा पशु सड़क पर आ गया। पशु को बचाने के प्रयास में चालक ने कार मोड़ी, जिससे वाहन पर नियंत्रण बिगड़ गया और कार सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरी।दुर्घटना की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे। स्थानीय ग्रामीणों ने बिना देरी किए राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और चालक को सुरक्षित बाहर निकाला।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा काफी भयावह था, लेकिन सौभाग्य से चालक को गंभीर चोट नहीं लगी।ग्रामीणों ने बताया कि चिंतपूर्णी-तलवाड़ा मार्ग पर आवारा पशुओं की समस्या लंबे समय से बनी हुई है। सड़क पर अचानक घूमते मवेशियों के कारण पहले भी कई दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते प्रशासन ने इस समस्या पर ध्यान नहीं दिया, तो भविष्य में कोई बड़ा हादसा हो सकता है।घटना के बाद क्षेत्र के लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि मुख्य मार्गों पर घूम रहे बेसहारा पशुओं को हटाने और सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए जल्द प्रभावी कदम उठाए जाएं, ताकि यात्रियों की जान जोखिम में न पड़े।