Summer express/अंबाला-: हरियाणा के कैबिनेट मंत्री अनिल विज ने रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ को अपने सहयोगियों के साथ सुना। कार्यक्रम के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि ‘मन की बात’ केवल एक रेडियो कार्यक्रम नहीं, बल्कि देश को एक सूत्र में पिरोने वाला सशक्त माध्यम बन चुका है।अनिल विज ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी इस मंच के जरिए देश के विभिन्न हिस्सों में हो रहे प्रेरणादायक कार्यों और उन लोगों को सामने लाते हैं, जो समाज के लिए महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं, लेकिन अक्सर चर्चा से दूर रहते हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे अनसुने नायकों को पहचान दिलाने का कार्य ‘मन की बात’ के माध्यम से लगातार किया जा रहा है।
अनिल विज ने प्रधानमंत्री द्वारा खिलाड़ियों और खेल गतिविधियों का उल्लेख किए जाने की सराहना करते हुए कहा कि इससे युवाओं को खेलों की ओर बढ़ने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की प्रेरणा मिलती है। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में भारत के पारंपरिक पेय पदार्थों जैसे लस्सी और आम पन्ना का जिक्र भी किया गया, जो गर्मियों में शरीर को स्वस्थ रखने और डिहाइड्रेशन से बचाने में सहायक हैं। ये पेय आसानी से घरों में तैयार किए जा सकते हैं और स्वास्थ्य के लिए लाभकारी हैं।कैबिनेट मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ने खगोल विज्ञान (एस्ट्रोनॉमी) का उल्लेख करते हुए भारत की प्राचीन वैज्ञानिक परंपरा और इस क्षेत्र में समृद्ध ज्ञान की चर्चा की। उन्होंने कहा कि आज की युवा पीढ़ी भी विज्ञान और अंतरिक्ष अनुसंधान के क्षेत्र में नई रुचि दिखा रही है। इसके अलावा प्रधानमंत्री ने पर्यावरण संरक्षण और बढ़ते प्रदूषण जैसे गंभीर मुद्दों पर भी लोगों को जागरूक करने का संदेश दिया है।विज ने कहा कि ‘मन की बात’ समाज में सकारात्मक सोच को बढ़ावा देने और लोगों को प्रेरित करने का प्रभावी मंच बन चुका है।