Summer express, मुक्तसर। पंजाब के श्री मुक्तसर साहिब जिले के मलोट क्षेत्र स्थित झोरड़ गांव में मोबाइल छीनने के आरोप को लेकर दो अनुसूचित जाति के युवकों के साथ कथित तौर पर अमानवीय व्यवहार किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि ग्रामीणों ने दोनों युवकों को पकड़कर रस्सियों से बांधा, उनके साथ मारपीट की और अर्द्धनग्न अवस्था में गांव तथा खेतों में घुमाया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आ गया है।
पुलिस ने मोबाइल छीनने के आरोप में दोनों युवकों को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं दूसरी ओर, पीड़ित पक्ष की शिकायत पर 11 लोगों के खिलाफ एससी-एसटी एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पंजाब राज्य अनुसूचित जाति आयोग ने भी स्वत: संज्ञान लिया है।
जानकारी के अनुसार नेपाल के सरलाही जिले के मानपुर नगर निवासी मजदूर वरिंदर साहनी ने पुलिस को बताया कि वह सुबह खेतों में काम कर रहे साथियों के लिए भोजन लेकर जा रहा था। इसी दौरान झोरड़-रामनगर रोड पर बाइक सवार दो युवकों ने कथित रूप से उसका मोबाइल फोन छीन लिया। शोर सुनकर आसपास मौजूद लोगों ने आरोपितों की पहचान कर ली और बाद में उन्हें गांव के पंचायत घर में देखा गया।
शिकायतकर्ता के अनुसार जब मोबाइल की तलाश की गई तो वह बरामद नहीं हुआ। इसके बाद दोनों युवक वहां से भागकर खेतों की ओर चले गए। ग्रामीणों ने पीछा कर उन्हें पकड़ लिया। इसी दौरान धक्का-मुक्की और मारपीट की घटना हुई।
वहीं, गिरफ्तार युवक गुरविंदरपाल सिंह की मां जसपाल कौर ने आरोप लगाया कि उनके बेटे को कुछ लोग घर से जबरन उठाकर ले गए। उन्होंने दावा किया कि बेटे के साथ खेतों में मारपीट की गई, रस्सियों से बांधा गया और अर्द्धनग्न अवस्था में गांव में घुमाया गया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि बेटे को बचाने पहुंचने पर उनके साथ भी मारपीट की गई।
मलोट के डीएसपी जसपाल सिंह धालीवाल ने बताया कि वरिंदर साहनी की शिकायत के आधार पर गुरविंदरपाल सिंह और संदीप सिंह के खिलाफ मोबाइल छीनने का मामला दर्ज कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया है। दूसरी ओर, जसपाल कौर की शिकायत पर 11 लोगों के खिलाफ एससी-एसटी एक्ट, मारपीट और जबरन घर से उठाने सहित अन्य धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार नामजद आरोपितों में हरदीप सिंह, अवतार सिंह, रिंपा सिंह और मनप्रीत सिंह उर्फ बिल्ला समेत अन्य लोग शामिल हैं। फिलहाल सभी आरोपी फरार बताए जा रहे हैं और उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
उधर, सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए पंजाब राज्य एससी आयोग के चेयरमैन जसवीर सिंह गढ़ी ने मुक्तसर के एसएसपी और संबंधित डीएसपी को नोटिस जारी कर 9 जून तक विस्तृत रिपोर्ट तलब की है। पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।