Summer express, कुरुक्षेत्र |कुरुक्षेत्र में सोमवार दोपहर एक मालगाड़ी के बेपटरी होने से रेलवे प्रशासन में हड़कंप मच गया। अडानी ग्रुप से संबंधित मालगाड़ी के तीन डिब्बे तकनीकी खराबी के कारण ट्रैक से उतर गए, जिससे रेलवे मार्ग की अप और डाउन दोनों लाइनें प्रभावित हो गईं।
जानकारी के अनुसार, घटना दोपहर करीब 12:15 बजे हुई। मालगाड़ी कुरुक्षेत्र से अडानी रेक की ओर जा रही थी और प्लेटफॉर्म नंबर-5 से गुजरने के दौरान अचानक तकनीकी समस्या आने पर उसके तीन डिब्बे पटरी से उतर गए। हादसा किलोमीटर संख्या 155/32 से 155/38 के बीच हुआ।
घटना के बाद रेल मार्ग पर यातायात बाधित हो गया और अप-डाउन दोनों ट्रैक पर ट्रेनों की आवाजाही प्रभावित हुई। सूचना मिलते ही रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी और तकनीकी टीमें मौके पर पहुंच गईं तथा राहत एवं बहाली कार्य शुरू कर दिया गया।
बताया जा रहा है कि जिस स्थान पर यह हादसा हुआ, वह मुख्यमंत्री के कार्यक्रम स्थल से करीब 400 मीटर की दूरी पर स्थित है। ऐसे में घटना के बाद रेलवे और प्रशासनिक अधिकारियों में भी हलचल बढ़ गई।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार प्रारंभिक जांच में तकनीकी खराबी के कारण डिब्बों के पटरी से उतरने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, दुर्घटना के सटीक कारणों का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है। रेलवे विभाग ट्रैक को जल्द बहाल कर रेल यातायात सामान्य करने के प्रयासों में जुटा हुआ है।