Summer express, नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली के उत्तर-पूर्वी जिले के सीलमपुर क्षेत्र से एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है। घरेलू विवाद के चलते एक व्यक्ति पर अपनी 35 वर्षीय पत्नी की बेरहमी से पिटाई कर हत्या करने का आरोप लगा है। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया, जबकि पुलिस ने मामला दर्ज कर उसकी तलाश तेज कर दी है।
पुलिस के अनुसार, सुबह सूचना मिली थी कि गौतमपुरी इलाके में एक महिला को उसके पति ने गंभीर रूप से घायल कर दिया है और घटना के बाद वह घर छोड़कर भाग गया है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जहां महिला घायल अवस्था में मिली। उसे तत्काल उपचार के लिए जग प्रवेश चंद्र (जेपीसी) अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि महिला की मौत मारपीट के कारण हुई है और इस मामले में उसका पति मुख्य आरोपी है। घटना के बाद से आरोपी फरार है और उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है ताकि मौत के सटीक कारणों का पता लगाया जा सके। मामले में हत्या का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।