Summer express/शिमला, संजू- चमियाणा वार्ड से जिला परिषद चुनाव में ऐतिहासिक जीत दर्ज करने वाले नव निर्वाचित सदस्य खुश विक्रम सेन ने गुरुवार को नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर से शिमला में मुलाकात की। इस दौरान उनके साथ भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों की बड़ी संख्या मौजूद रही। राजनीतिक गलियारों में इस मुलाकात को आगामी विधानसभा चुनावों की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।हाल ही में हुए जिला परिषद चुनाव में खुश विक्रम सेन ने प्रभावशाली प्रदर्शन करते हुए अपने प्रतिद्वंद्वी को बड़े अंतर से पराजित किया था। यह क्षेत्र पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह के प्रभाव वाले इलाके के रूप में देखा जाता है, ऐसे में भाजपा समर्थित उम्मीदवार की बड़ी जीत को राजनीतिक रूप से अहम माना जा रहा है। इसी वजह से कुसुम्पटी विधानसभा क्षेत्र से वर्ष 2027 के चुनावों में भाजपा की संभावित दावेदारी को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।
मुलाकात के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए खुश विक्रम सेन ने कहा कि लोकतंत्र में जनता सर्वोपरि होती है और जनता का निर्णय ही सबसे महत्वपूर्ण होता है। उन्होंने कहा कि चुनाव में उन्हें क्षेत्र के लोगों का भरपूर समर्थन और विश्वास मिला है, जिसके लिए वे सभी मतदाताओं के आभारी हैं। उन्होंने कहा कि उनकी प्राथमिकता अब जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरना और क्षेत्र के विकास के लिए सक्रिय रूप से कार्य करना है। साथ ही उन्होंने कहा कि वे जयराम ठाकुर के नेतृत्व और मार्गदर्शन का सम्मान करते हैं तथा अपनी जीत को पार्टी कार्यकर्ताओं और जनता को समर्पित करते हैं।
वहीं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने खुश विक्रम सेन को शानदार जीत के लिए बधाई देते हुए कहा कि युवा नेतृत्व का आगे आना भाजपा के लिए सकारात्मक संकेत है। उन्होंने कहा कि जिला परिषद चुनावों में प्रदेश के कई क्षेत्रों में जनता ने भाजपा के पक्ष में अपना विश्वास जताया है। जयराम ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस के प्रभाव वाले क्षेत्रों में भाजपा समर्थित उम्मीदवारों की जीत यह दर्शाती है कि जनता बदलाव चाहती है। उन्होंने विशेष रूप से चमियाणा वार्ड की जीत का उल्लेख करते हुए कहा कि पंचायती राज मंत्री के विधानसभा क्षेत्र में भाजपा समर्थित युवा उम्मीदवार का बड़े अंतर से जीतना एक महत्वपूर्ण राजनीतिक संदेश माना जाएगा।