Summer express, चरखी दादरी। हरियाणा के चरखी दादरी जिले के कन्हेटी गांव में एक दर्दनाक हादसे में बैटरी संचालित तिपहिया साइकिल (ई-ट्राइसाइकिल) में अचानक आग लगने से 29 वर्षीय दिव्यांग युवक की जिंदा जलकर मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान कन्हेटी निवासी रविंद्र के रूप में हुई है। करीब पांच वर्ष पहले हुए एक सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल होने के कारण उसके शरीर का निचला हिस्सा काम करना बंद कर चुका था और वह चलने-फिरने में असमर्थ था। दैनिक गतिविधियों और आवागमन के लिए वह ई-ट्राइसाइकिल का इस्तेमाल करता था। पिछले दो वर्षों से वह झज्जर जिले के बिरोहड़ स्थित खेल मैदान में युवाओं को खेल प्रशिक्षण भी दे रहा था।
बताया गया है कि शाम रविंद्र गांव स्थित सैयद पीर मजार पर माथा टेकने गया था। दर्शन के बाद जब वह वापस लौटने के लिए अपनी ई-ट्राइसाइकिल पर बैठा और वाहन को स्टार्ट किया, तभी उसमें अचानक आग लग गई। दिव्यांग होने के कारण वह समय रहते वाहन से उतर नहीं सका और आग की लपटों में घिर गया।
घटना को देखकर आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंचे और आग बुझाकर उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। आग की चपेट में आने से रविंद्र की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही ग्रामीणों ने डायल-112 पर पुलिस को जानकारी दी।
सूचना के बाद इमलोटा पुलिस चौकी की टीम घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल के शवगृह में भिजवाया। शुक्रवार को परिजनों के बयान दर्ज करने के बाद पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कराई गई।
प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट या अन्य तकनीकी खराबी मानी जा रही है। पुलिस ने मृतक के परिजनों के बयान के आधार पर इत्तफाकिया मौत की कार्रवाई दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि तकनीकी रिपोर्ट के बाद ही आग लगने के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।