Summer express, गुरदासपुर । गुरदासपुर जिले के विधानसभा क्षेत्र दीनानगर के अंतर्गत थाना पुराना शाला पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर नाकाबंदी के दौरान बड़ी कार्रवाई करते हुए एक कार से 13 पेटियां अवैध शराब बरामद कर एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, जांच अधिकारी मनजीत सिंह ने बताया कि पुलिस टीम दाऊवाल नाके पर वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान मुकेरियां की ओर से आ रही एक ब्रीज़ा कार को शक के आधार पर रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान कार की डिक्की से 13 पेटियां शराब बरामद हुईं।
बरामद शराब में 4 पेटियां रॉयल स्टैग, 3 पेटियां मैकडॉवेल्स, 5 पेटियां पंजाब क्लब और 1 पेटी नूरी संतर (हिमाचल प्रदेश) ब्रांड शामिल है।
पुलिस ने मौके पर ही कार चालक को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान राकेश कुमार पुत्र बलदेव सिंह, निवासी प्रताप एवेन्यू कॉलोनी, अमृतसर के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
फिलहाल पुलिस यह जांच कर रही है कि शराब कहां से लाई गई थी और इसे किस उद्देश्य से ले जाया जा रहा था। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि इस मामले में कोई अन्य व्यक्ति या संगठित गिरोह शामिल है या नहीं।