Summer express/धर्मशाला,राहुल -:कांगड़ा दौरे पर पहुंचे मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने दाड़ी मैदान में नव निर्वाचित प्रधानों और उपप्रधानों को शपथ दिलाई। इस दौरान उन्होंने नशे के खिलाफ भी सभी जनप्रतिनिधियों को संकल्प दिलाया। वहीं मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के समाप्त होते ही धर्मशाला नगर निगम कार्यालय के बाहर भाजपा के नव निर्वाचित पार्षदों ने जोरदार प्रदर्शन किया। पार्षदों ने अपनी शपथ प्रक्रिया में हो रही देरी को लेकर सरकार और नगर निगम प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की।
धर्मशाला नगर निगम कार्यालय के बाहर भाजपा समर्थित नव निर्वाचित पार्षदों ने प्रदेश सरकार और नगर निगम प्रशासन के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। पार्षदों का आरोप है कि चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद भी उन्हें अभी तक शपथ नहीं दिलाई गई है। उनका कहना है कि प्रशासन जानबूझकर शपथ ग्रहण प्रक्रिया को टाल रहा है, जिससे नगर निगम के कामकाज प्रभावित हो रहे हैं।प्रदर्शन के दौरान पार्षदों ने सरकार के खिलाफ जमकर नारे लगाए और नगर निगम आयुक्त के रवैये पर भी सवाल उठाए। विरोध के बीच मुख्यमंत्री और निगम प्रशासन के प्रतीकात्मक पुतले भी जलाए गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया और जलते हुए पुतलों को हटाकर आग बुझाई।पार्षदों का कहना है कि लोकतांत्रिक प्रक्रिया के तहत चुने गए प्रतिनिधियों को समय पर शपथ दिलाई जानी चाहिए। उनका आरोप है कि यह देरी राजनीतिक कारणों से की जा रही है। वहीं कुछ पार्षदों ने मुख्यमंत्री के दौरे और विभिन्न उद्घाटन एवं शिलान्यास कार्यक्रमों को लेकर भी सवाल उठाए। उनका कहना है कि स्थानीय जनप्रतिनिधियों को पर्याप्त जानकारी नहीं दी गई।प्रदर्शनकारी पार्षदों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द शपथ ग्रहण नहीं कराया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।