summer express, नई दिल्ली | दिल्ली के शाहदरा रेलवे स्टेशन पर शनिवार सुबह एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई, जहां ट्रेन में चढ़ने के दौरान हुए विवाद ने एक यात्री की जान ले ली। हरिद्वार जाने वाली योगा एक्सप्रेस के जनरल डिब्बे में सीट पाने की होड़ के बीच शुरू हुआ मामूली झगड़ा देखते ही देखते हिंसक रूप ले गया और एक यात्री की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद रेलवे सुरक्षा व्यवस्था और मौके पर मौजूद लोगों की संवेदनशीलता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
जानकारी के अनुसार शनिवार सुबह करीब छह बजे योगा एक्सप्रेस शाहदरा रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-3 पर पहुंची थी। इसी दौरान उत्तर प्रदेश के बागपत निवासी पंकज धामा जनरल कोच में चढ़ने का प्रयास कर रहे थे। भीड़ और धक्का-मुक्की के बीच उनका कुछ सह-यात्रियों से विवाद हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कुछ ही मिनटों में विवाद इतना बढ़ गया कि कई लोगों ने पंकज पर हमला कर दिया। आरोप है कि हमलावरों ने उन्हें जमीन पर गिराकर बेरहमी से लात-घूंसों से पीटना शुरू कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) का एक जवान पंकज को भीड़ से बचाते हुए दिखाई देता है। हालांकि वीडियो में यह भी देखा जा सकता है कि घायल अवस्था में उन्हें प्लेटफॉर्म पर छोड़ दिया गया। आरोप है कि समय पर चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध नहीं कराई गई, जिसके कारण उनकी हालत लगातार बिगड़ती गई। घटना के बाद रेलवे प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों की कार्यप्रणाली को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
मामले की सूचना मिलते ही ओल्ड दिल्ली रेलवे पुलिस स्टेशन की टीम मौके पर पहुंची और घायल पंकज धामा को तुरंत गुरु तेग बहादुर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। नई दिल्ली रेलवे के डीसीपी सचिन शर्मा के अनुसार प्रारंभिक मेडिकल रिपोर्ट में गंभीर मारपीट के कारण शरीर के अंदरूनी अंगों में आई चोटों को मौत का प्रमुख कारण बताया गया है।
पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 105 और धारा 3(5) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। रेलवे स्टेशन पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो की मदद से आरोपियों की पहचान की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।