Summer express, राहुल चावला , धर्मशाला | इनडोर स्टेडियम धर्मशाला में आयुष विभाग के तत्वावधान में जिला स्तरीय अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया। कार्यक्रम में एडीसी कांगड़ा विनय कुमार और एडीएम कांगड़ा शिल्पी बेक्टा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस अवसर पर स्थानीय लोगों, बच्चों तथा एनसीसी गर्ल्स कैडेट्स ने भी बढ़-चढ़कर भाग लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलित कर किया गया, जिसके बाद सामूहिक योगाभ्यास का आयोजन हुआ।
इस मौके पर एडीसी कांगड़ा विनय कुमार ने कहा कि आयुष विभाग के सहयोग से अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का सफल आयोजन किया गया है। उन्होंने लोगों को मन, आत्मा और समर्पण के साथ योग अपनाने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि जीवन जीने की एक सकारात्मक पद्धति है। उन्होंने कहा कि मनुष्य का शरीर पंच तत्वों से बना है और स्वस्थ जीवन के लिए नियमित व्यायाम एवं योग को दिनचर्या का हिस्सा बनाना आवश्यक है। समाज के प्रत्येक वर्ग को योग से जोड़ने के प्रयास किए जाने चाहिए।
वहीं, एडीएम कांगड़ा शिल्पी बेक्टा ने कहा कि 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का संदेश स्वस्थ और सशक्त जीवन की ओर प्रेरित करता है। उन्होंने कहा कि बुढ़ापा हर व्यक्ति के जीवन में आता है, लेकिन यदि व्यक्ति योग और अनुशासन को अपनाए तो वह लंबे समय तक स्वस्थ, सक्रिय और आत्मनिर्भर रह सकता है। उन्होंने आयुष विभाग द्वारा आयोजित कार्यक्रम की सराहना करते हुए लोगों से अपने जीवन में योग को अहमियत देने और स्वस्थ शरीर के निर्माण के लिए नियमित योगाभ्यास करने की अपील की।
कार्यक्रम में योग प्रशिक्षकों द्वारा विभिन्न योगासन और प्राणायाम करवाए गए तथा उपस्थित लोगों ने स्वस्थ जीवन के लिए नियमित योग करने का संकल्प लिया।