Summer express, राकेश , बढेड़ा | कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे सहायक आयुक्त विनय मोदी ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि योग भारत की प्राचीन संस्कृति और ऋषि-मुनियों द्वारा दी गई अमूल्य धरोहर है, जिसने पूरे विश्व में भारत को विशेष पहचान दिलाई है। उन्होंने कहा कि “करें योग, रहें निरोग” केवल एक नारा नहीं बल्कि स्वस्थ और संतुलित जीवन जीने का मूल मंत्र है।
विनय मोदी ने युवाओं से विशेष रूप से योग को अपनी दिनचर्या में शामिल करने की अपील की। उन्होंने कहा कि नियमित योगाभ्यास से शरीर और मन दोनों स्वस्थ रहते हैं, सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है और व्यक्ति तनावमुक्त जीवन जीने के लिए प्रेरित होता है। योग से एकाग्रता बढ़ती है और अनुशासित जीवनशैली विकसित होती है।
उन्होंने कहा कि युवा समाज और राष्ट्र निर्माण की मजबूत कड़ी हैं। योग उन्हें शारीरिक और मानसिक रूप से सशक्त बनाकर सामाजिक जिम्मेदारियों को बेहतर ढंग से निभाने के लिए तैयार करता है। योग से विकसित सकारात्मक सोच पारिवारिक मूल्यों और माता-पिता के प्रति सम्मान की भावना को भी मजबूत करती है।
कार्यक्रम के दौरान आयुष विभाग के योग प्रशिक्षकों ने प्रतिभागियों को विभिन्न योगासन और प्राणायाम करवाए तथा योग के शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक लाभों की विस्तृत जानकारी दी। पूरे कार्यक्रम में लोगों में योग के प्रति उत्साह और जागरूकता देखने को मिली।