Summer express, फतेहाबाद। फतेहाबाद की गुरुनानकपुरा चौकी पुलिस ने घर में घुसकर मारपीट, तोड़फोड़ और नकदी छीनने के मामले में एक और आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान गुरुनानकपुरा मोहल्ला निवासी रवि कुमार के रूप में हुई है। पुलिस आरोपी को अदालत में पेश कर आगे की कानूनी कार्रवाई करेगी। इस मामले में अब तक कुल छह आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
गुरुनानकपुरा चौकी प्रभारी रमेश कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि गुरुनानकपुरा मोहल्ला निवासी हरेंद्र सिंह ने पुलिस को शिकायत दी थी कि पुरानी रंजिश के चलते कई नामजद और अन्य लोगों ने 6 मार्च की रात उसके घर में जबरन घुसकर हमला किया था। आरोपियों ने घर में घुसते ही मारपीट शुरू कर दी और दुकान का दरवाजा तोड़ दिया। शिकायत के मुताबिक आरोपियों ने दुकान के गल्ले से करीब 1500 रुपये की नकदी भी निकाल ली।
पीड़ित ने अपनी शिकायत में यह भी बताया था कि आरोपियों ने उसके भाई और रिश्तेदारों के घरों पर ईंट-पत्थर फेंककर नुकसान पहुंचाया। इतना ही नहीं, उसके चचेरे भाई की मोटरसाइकिल में भी तोड़फोड़ की गई। वारदात के दौरान आरोपियों ने परिवार को जान से मारने की धमकी देकर इलाके में दहशत फैलाने की कोशिश की।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर 7 मार्च को सिटी थाना फतेहाबाद में भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया था। जांच के दौरान पुलिस को रवि कुमार की संलिप्तता के पुख्ता सबूत मिले, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले की जांच अभी जारी है और अन्य आरोपियों की भूमिका की भी गहनता से पड़ताल की जा रही है। पुलिस का कहना है कि कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।