Summer express ,कैथल। कैथल जिले के चीका क्षेत्र में हाल ही में हुई करीब एक करोड़ रुपये की चोरी के मामले में फरार चल रहे दो आरोपियों को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपियों के पैरों में गोली लगी, जिसके बाद उन्हें काबू कर अस्पताल में भर्ती कराया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पंजाब के बठिंडा जिले के मौड़ मंडी निवासी सगे भाइयों सोहन और धर्मबीर के रूप में हुई है। दोनों लंबे समय से पुलिस की गिरफ्त से बाहर थे और उनकी तलाश लगातार जारी थी।
डीएसपी सुशील कुमार ने बताया कि पुलिस को दोनों आरोपियों की मौजूदगी की गुप्त सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उन्हें पकड़ने का प्रयास किया। इस दौरान आरोपियों ने भागने की कोशिश की, जिसके चलते हुई मुठभेड़ में दोनों के पैरों में गोली लगी। इसके बाद पुलिस ने उन्हें मौके से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने दोनों घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है। प्रारंभिक पूछताछ में उनसे चीका में हुई करीब एक करोड़ रुपये की चोरी के मामले के अलावा अन्य आपराधिक मामलों में उनकी संभावित संलिप्तता को लेकर भी पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की जांच जारी है।