Summer express, जालंधर। जालंधर-पठानकोट राष्ट्रीय राजमार्ग पर सोमवार तड़के एक भीषण सड़क हादसे में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा किशनगढ़ क्षेत्र के पास उस समय हुआ, जब दो कारों के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई।
सड़क सुरक्षा फोर्स (एसएसएफ) के अधिकारियों के अनुसार, सोमवार सुबह करीब 5:30 बजे सूचना मिली कि किशनगढ़ अड्डे से आगे एक ढाबे के समीप दो वाहनों की भीषण भिड़ंत हुई है। सूचना मिलते ही एसएसएफ की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि पंजाब नंबर की एक मारुति बलेनो कार भोगपुर से जालंधर की ओर जा रही थी। किशनगढ़ अड्डा पार करने के बाद चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा, जिसके चलते कार डिवाइडर पार कर दूसरी लेन में पहुंच गई और सामने से आ रही उत्तर प्रदेश नंबर की क्रेटा से टकरा गई।
टक्कर इतनी भयावह थी कि बलेनो कार में सवार चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान होशियारपुर निवासी रुपिंदर सिंह, उनकी पत्नी हरप्रीत कौर, पुत्र अर्शदीप सिंह तथा संतोष कौर के रूप में हुई है।
वहीं, क्रेटा कार में सवार पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को नजदीकी निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज चल रहा है। घायलों की पहचान अलीना खान, अब्दुल सईद खान, परवीन खान, अब्दुल फैसल खान और मैनाल खान के रूप में हुई है। सभी घायल उत्तर प्रदेश के बरेली जिले के निवासी बताए गए हैं।
पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और वाहन के अनियंत्रित होने को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है।