दलजीत विक्की, जगमीत सिंह
लुधियाना। लुधियाना के गांव जंडियाली में एक स्कूल प्रिंसिपल और वकील की बेरहमी से हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मृतक की पहचान 50 वर्षीय इकबाल सिंह के रूप में हुई है, जो अपने घर में ही धालीवाल स्कूल चलाते थे।
इस स्कूल में आठवीं कक्षा तक के बच्चों को शिक्षा दी जाती थी। जानकारी के मुताबिक, देर रात दो हमलावर घर में घुस आए और इकबाल सिंह तथा उनके बेटे को बंधक बना लिया। घटना के दौरान हमलावरों ने इकबाल सिंह की धारदार हथियार से हत्या कर दी। बेटे युवी के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही थाना जमालपुर पुलिस और सीआईए की टीमें घटनास्थल पर पहुंचीं और जांच शुरू कर दी। शुरुआती जांच में मृतक की गर्दन पर गहरे कट का निशान मिला है।
फॉरेंसिक टीम ने मौके से अहम साक्ष्य जुटाए हैं, जबकि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। बताया जा रहा है कि मृतक की पत्नी वकालत की परीक्षा देने भोपाल गई हुई हैं। उनके लौटने के बाद ही पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। फिलहाल पुलिस हत्या के कारणों और फरार आरोपियों की पहचान के लिए हर पहलू से जांच कर रही है। इलाके में इस वारदात के बाद दहशत का माहौल है।