Summer express, बहादुरगढ़। देश की पहली पर्यावरण अनुकूल ग्रीन हाइड्रोजन ट्रेन का l दिल्ली के शकूर बस्ती और बहादुरगढ़ के बीच सफल ट्रायल किया गया। ट्रायल के दौरान ट्रेन ने इस रूट पर अधिकतम 110 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार हासिल की। इससे पहले इसी ट्रेन का जींद-सोनीपत रेलखंड पर परीक्षण किया जा चुका है, जहां इसे 120 किलोमीटर प्रति घंटे की अधिकतम गति से चलाया गया था।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, हाइड्रोजन ट्रेन को विभिन्न रेलखंडों पर चरणबद्ध तरीके से चलाकर इसके प्रदर्शन और तकनीकी क्षमता का परीक्षण किया जा रहा है। ट्रायल का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि ट्रेन के संचालन में किसी प्रकार की तकनीकी खामी न रह जाए और इसे सुरक्षित व प्रभावी ढंग से व्यावसायिक संचालन के लिए तैयार किया जा सके।
जानकारी के मुताबिक, ट्रेन को दिल्ली ले जाया गया था। यह दोपहर करीब 2:25 बजे शकूर बस्ती से रवाना होकर बहादुरगढ़ पहुंची। इसके बाद शाम करीब चार बजे इसे वापस शकूर बस्ती भेजा गया। वहीं, अपने दूसरे ट्रायल रन के दौरान ट्रेन शाम करीब साढ़े सात बजे एक बार फिर बहादुरगढ़ रेलवे स्टेशन पहुंची।
ट्रायल के दौरान कुछ यात्री भी ट्रेन में सवार होकर बहादुरगढ़ पहुंचे। हालांकि रेलवे ने स्पष्ट किया है कि फिलहाल यह ट्रेन आम यात्रियों के लिए उपलब्ध नहीं है और इसका व्यावसायिक संचालन शुरू करने की तिथि अभी निर्धारित नहीं की गई है।
बहादुरगढ़ रेलवे स्टेशन अधीक्षक यशपाल सिंह ने बताया कि बहादुरगढ़-शकूर बस्ती सेक्शन पर ट्रेन का सफलतापूर्वक परीक्षण किया गया और इस दौरान इसकी अधिकतम गति 110 किलोमीटर प्रति घंटा दर्ज की गई।