Summer express,रोहतक । राजस्थान के सीकर निवासी और चार बार के गोल्ड मेडलिस्ट राष्ट्रीय स्तर के पहलवान विजय कुमार लांबा ने एक कथित चिकित्सकीय लापरवाही के कारण अपना खेल करियर बर्बाद होने का आरोप लगाया है। विजय का कहना है कि ओलिंपिक में देश के लिए खेलने और पदक जीतने का उनका सपना एक गलत इंजेक्शन की वजह से टूटता नजर आ रहा है।
वर्तमान में रोहतक के गुरु मेहर सिंह अखाड़े में प्रशिक्षण ले रहे विजय कुमार लांबा ने बताया कि उन्हें हल्का बुखार होने पर शहर की देव कॉलोनी स्थित एक मेडिकल स्टोर से दवा लेने गए थे। आरोप है कि मेडिकल स्टोर संचालक ने उन्हें एक इंजेक्शन लगाया, जिसके तुरंत बाद उनकी तबीयत बिगड़ गई और वह मौके पर ही बेहोश होकर गिर पड़े। इस दौरान गिरने से उनका एक दांत टूट गया और कंधे में गंभीर चोट भी आई।
साथी खिलाड़ियों ने तत्काल उन्हें अस्पताल पहुंचाया, जहां उनकी हालत गंभीर होने पर उन्हें भर्ती किया गया। विजय करीब चार दिनों तक कोमा में रहे। होश में आने के बाद उनकी स्मरण शक्ति पर गहरा असर पड़ा और वह अपने परिजनों तक को पहचानने में असमर्थ हो गए। इसके अलावा उन्हें लगातार दौरे पड़ने लगे, जिसके चलते उन्हें करीब 15 दिनों तक एक निजी अस्पताल में उपचाराधीन रहना पड़ा।
पीड़ित पहलवान का कहना है कि इस घटना ने न केवल उनके स्वास्थ्य को गंभीर नुकसान पहुंचाया है, बल्कि उनके खेल करियर और ओलिंपिक में देश का प्रतिनिधित्व करने के सपने को भी गहरा आघात पहुंचाया है। होश में आने के बाद विजय कुमार लांबा ने रोहतक के पीजीआई थाना पुलिस में मेडिकल स्टोर संचालक के खिलाफ बयान दर्ज कराते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और शिकायत के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।