शिमला संजू– हिमाचल प्रदेश के बागवानों के लिए सेब सीजन की शुरुआत उत्साहजनक रही है। शिमला की भट्टाकुफर फल मंडी में अर्ली वैरायटी के सेब की आवक शुरू हो चुकी है और शुरुआती खेप को अच्छे दाम मिल रहे हैं। इसके साथ ही नाशपाती और स्टोन फ्रूट की कीमतों में भी मजबूती देखने को मिल रही है, जिससे बागवानों को राहत मिली है। भट्टाकुफर फल मंडी आढ़ती यूनियन के प्रधान ज्ञान ठाकुर ने बताया कि इस बार सीजन के शुरुआती दिनों में ही बाजार का रुख सकारात्मक है और किसानों को अपनी उपज का संतोषजनक मूल्य मिल रहा है।
ज्ञान ठाकुर ने बताया कि ढली फल मंडी में टाइड मैन अर्ली वैरायटी के सेब 1,500 से 2,300 रुपये प्रति बॉक्स तक बिक रहे हैं। वहीं नाशपाती की मांग भी अच्छी बनी हुई है। भट्टाकुफर मंडी में नाशपाती का भाव 1,000 से 1,600 रुपये प्रति हाफ बॉक्स, जबकि पूरे बॉक्स का मूल्य 2,000 से 3,200 रुपये तक पहुंच रहा है। इसके अलावा स्टोन फ्रूट की आवक भी लगातार बढ़ रही है। खुमानी 200 से 350 रुपये प्रति दो किलो बॉक्स, फैंटा रोजा प्लम 150 से 250 रुपये और ब्लैक अंबर प्लम 100 से 200 रुपये प्रति दो किलो बॉक्स के हिसाब से बिक रहा है। चेरी का सीजन अंतिम दौर में है, लेकिन अभी भी मंडी में 300 से 500 रुपये प्रति किलो तक भाव मिल रहे हैं। आढ़ती यूनियन का मानना है कि जैसे-जैसे मंडियों में कारोबार बढ़ेगा और बाहरी राज्यों के व्यापारी अधिक संख्या में पहुंचेंगे, वैसे-वैसे फलों के दामों में और सुधार देखने को मिल सकता है। इससे आने वाले दिनों में बागवानों को बेहतर आमदनी मिलने की उम्मीद है।