गुरमीत सिंह | ज़ीरकपुर
बलटाना के पास सुखना नाले पर बन रहे ऊँचे स्तर के पुल का निर्माण सुस्त रफ्तार से चल रहा है। लगातार हो रही देरी के कारण लाखों लोग रोज़ाना लंबा सफर कर चुके हैं और भारी ट्रैफिक जाम का सामना कर रहे हैं। दफ्तरों, स्कूलों और कॉलेजों जा रहे लोग सबसे अधिक प्रभावित हो रहे हैं।
यह मामला पंजाब विधानसभा के बजट सत्र के दौरान भी उठाया जा चुका है। इस पुल का काम 26जुलाई 2025 में शुरू हुआ था, लेकिन डिज़ाइन में बदलाव और अन्य तकनीकी कारणों के चलते निर्माण लगातार लटका हुआ है।
ज्ञात हो कि नगर कौंसिल जीरकपुर ने बलटाना में सुखना नाले पर ऊँचे स्तरीय पुल के लिए 11 मार्च 2025 को 5 करोड़ 92.66 लाख रुपये की प्रबंधन मंज़ूरी दी थी। बाद में 23 जुलाई 2025 को लगभग 5 करोड़ 3 लाख रुपये की अनुमानित लागत पर 12 माह में काम पूरा करने का लक्ष्य रखते हुए एजेंसी को वर्क ऑर्डर जारी किया गया था। हालांकि जल संसाधन विभाग ने पुल की लंबाई और डिज़ाइन में परिवर्तन के निर्देश दिए, जिनके कारण डिज़ाइन को फिर से तैयार करना पड़ा और काम में देर हुई।
वर्तमान में तीन पिलर में से केवल एक पिलर ही बनकर तैयार हुआ है जबकि बाकी कार्य धीमी गति से चल रहे हैं। इसलिए पुल के पूर्ण होने के लिए स्थानीय निवासियों को और लंबा इंतज़ार करना पड़ेगा। हालांकि यह मामला विधानसभा तक पहुँच चुका है, पर जमीन पर निर्माण की गति में कोई खास तेजी नहीं आई है। बुलटाना वासियों की मांग है कि इस अहम पुल का काम युद्धस्तरीय गति से पूरा कर उन्हें रोज़मर्रा की ट्रैफ़िक परेशानियों से मुक्ति
दिलवाई जाए।