Summer express, राहुल चावला , पालमपुर | मानसून के दौरान पहाड़ी क्षेत्रों में बढ़ते जलस्तर के बीच पालमपुर की न्युगल खड्ड में फंसे सात पर्यटकों को समय रहते सुरक्षित बचा लिया गया। सूचना मिलते ही पुलिस और अग्निशमन विभाग ने संयुक्त रूप से रेस्क्यू अभियान चलाकर सभी पर्यटकों को सकुशल बाहर निकाला। इस दौरान पुलिस ने लोगों से बरसात के मौसम में नदी-नालों से दूरी बनाए रखने की अपील की है।
एएसपी कांगड़ा वीर बहादुर ने बताया कि पुलिस थाना पालमपुर के अंतर्गत न्युगल खड्ड में कुछ पर्यटकों के फंसे होने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और तत्काल रेस्क्यू अभियान शुरू किया। अभियान के दौरान सात लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया, जिनमें तीन पुरुष, दो महिलाएं और दो बच्चे शामिल हैं। सभी पर्यटक पूरी तरह सुरक्षित हैं।
उन्होंने कहा कि मानसून के दौरान लगातार हो रही बारिश के कारण पहाड़ी खड्डों और नदी-नालों का जलस्तर अचानक बढ़ सकता है, जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। ऐसे में पर्यटक और स्थानीय लोग अनावश्यक रूप से नदी-नालों के पास न जाएं और विशेष रूप से पानी में उतरकर नहाने या अठखेलियां करने से बचें।
एएसपी वीर बहादुर ने लोगों से प्रशासन की ओर से जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करने की अपील करते हुए कहा कि थोड़ी सी लापरवाही भी जानलेवा साबित हो सकती है। उन्होंने कहा कि किसी भी आपात स्थिति की सूचना तुरंत पुलिस या प्रशासन को दें, ताकि समय रहते आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जा सके।