Summer express, झज्जर। हरियाणा के झज्जर जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। याकुबपुर गांव के पास खेत में बैठकर खाना खा रहे एक किसान को तेज रफ्तार और बेकाबू कार ने कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान बामडौला गांव निवासी 27 वर्षीय साहिल के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि साहिल खेत में बुआई का काम पूरा करने के बाद अपने साथी प्रवीण कुमार के साथ खेत में ही बैठकर खाना खा रहा था। इसी दौरान तेज गति से आ रही एक अनियंत्रित कार सड़क से उतरकर सीधे खेत में जा घुसी और दोनों को अपनी चपेट में ले लिया।
हादसा इतना भयावह था कि साहिल ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि प्रवीण कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तुरंत उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।
घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। साहिल की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम पसर गया। सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लेकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस हादसे के कारणों और कार चालक की लापरवाही की जांच में जुटी हुई है।