Summer express/चिंतपूर्णी, विकास-: विकास कार्यों के दावों के बीच अंब तहसील के अंतर्गत आने वाले गांव धर्मसाल महंतां में एक संपर्क मार्ग की बदहाल स्थिति स्थानीय लोगों के लिए गंभीर परेशानी का कारण बनी हुई है। लंबे समय से मरम्मत और रखरखाव नहीं होने के कारण सड़क पूरी तरह उखड़ चुकी है। जगह-जगह गहरे गड्ढे और बड़े-बड़े पत्थर निकल आने से यह मार्ग अब सड़क की बजाय किसी खड्ड जैसा दिखाई देता है।ग्रामीणों का कहना है कि इस मार्ग पर वाहन चलाना बेहद जोखिम भरा हो गया है। दोपहिया वाहन चालक संतुलन बनाते हुए धीरे-धीरे गुजरने को मजबूर हैं, जबकि चारपहिया वाहनों का आवागमन लगभग बंद हो चुका है। पैदल चलने वालों को भी काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों द्वारा साझा किए गए वीडियो में सड़क की वास्तविक स्थिति स्पष्ट दिखाई दे रही है, जिसमें वाहन चालक कठिन परिस्थितियों में सफर करते नजर आ रहे हैं।
ग्रामीणों के अनुसार यह सड़क पहले अच्छी स्थिति में थी, लेकिन समय पर मरम्मत और आवश्यक रखरखाव न होने से इसकी हालत लगातार बिगड़ती चली गई। उनका आरोप है कि संबंधित विभाग की अनदेखी के कारण लोगों को रोजाना कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। सड़क पर फैले पत्थर और गहरे गड्ढे दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ा रहे हैं।स्थानीय निवासियों का कहना है कि सबसे अधिक परेशानी बुजुर्गों, स्कूली बच्चों, मरीजों और गर्भवती महिलाओं को झेलनी पड़ रही है। बरसात के मौसम में स्थिति और गंभीर हो जाती है, जबकि रात के समय पर्याप्त रोशनी न होने से दुर्घटना का खतरा कई गुना बढ़ जाता है। ग्रामीणों का कहना है कि कई बार इस मार्ग की मरम्मत की मांग संबंधित अधिकारियों के समक्ष रखी जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।गांववासियों ने प्रशासन और लोक निर्माण विभाग से मांग की है कि सड़क की जल्द मरम्मत कराई जाए ताकि लोगों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके। उनका कहना है कि समय रहते आवश्यक कदम नहीं उठाए गए तो भविष्य में कोई बड़ा हादसा भी हो सकता है, जिसकी जिम्मेदारी संबंधित विभाग पर होगी।