Summer express, हिसार। हरियाणा के हिसार में गुरुवार सुबह करंट लगने से एक व्यक्ति की दर्दनाक मौत हो गई। यह हादसा कैंप चौक स्थित फ्लेमिंगो टूरिस्ट कॉम्प्लेक्स के समीप हुआ, जहां बिजली के पोल के संपर्क में आने से व्यक्ति ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्र हो गए।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मृतक बिजली के पोल के पास खड़ा था। इसी दौरान उसका हाथ पोल के ऊपर से गुजर रही बिजली लाइन के खुले तारों की चपेट में आ गया। तेज करंट लगने से वह गंभीर रूप से झुलस गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक करंट का झटका इतना जबरदस्त था कि मृतक का शरीर जमीन पर नहीं गिरा। उसका एक हाथ पोल की ओर फंसा रह गया और शरीर दीवार के सहारे उसी स्थिति में अटक गया। घटना का दृश्य इतना भयावह था कि वहां मौजूद लोग सहम गए।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। वहीं स्थानीय लोगों ने बिजली व्यवस्था में लापरवाही का आरोप लगाते हुए खुले तारों को जल्द सुरक्षित करने की मांग की है।