Summer expressm अनुज पांचाल, गुरुग्राम। गुरुग्राम के सोहना-दोहला रोड पर देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में 13 वर्षीय किशोरी की मौत हो गई, जबकि 65 वर्षीय बुजुर्ग महिला समेत पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब तेज रफ्तार वेन्यू कार ने पीछे से एक छोटे हाथी (लोडिंग वाहन) को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहनों के परखच्चे उड़ गए। हादसे के बाद कार चालक वाहन मौके पर छोड़कर फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार, दुर्घटना रात करीब 10 बजे लाखुवास मोड़ के पास सोहना-दोहला मार्ग पर हुई। छोटे हाथी में सवार सभी लोग सोहना नगर परिषद के वार्ड नंबर-3 स्थित सुशील नगर कॉलोनी के निवासी थे और अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान पीछे से तेज गति से आ रही वेन्यू कार ने छोटे हाथी को जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे में 13 वर्षीय दीपिका की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक 65 वर्षीय महिला सहित पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को पहले सोहना नागरिक अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल रेफर कर दिया गया। फिलहाल सभी घायलों का वहां इलाज जारी है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि छोटा हाथी सड़क से नीचे खेत में पलट गया, जबकि वेन्यू कार भी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हालांकि कार में कितने लोग सवार थे और उन्हें चोटें आईं या नहीं, इसकी पुष्टि अभी तक नहीं हो सकी है।
सोहना सिटी थाना पुलिस ने मृतका के पिता तोता राम की शिकायत पर अज्ञात वेन्यू चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार को कब्जे में लेकर फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है। वहीं, मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए शवगृह में रखवाया गया है।
पुलिस का कहना है कि वाहन के पंजीकरण नंबर के आधार पर चालक की पहचान की जा रही है। दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच जारी है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।