Summer express, जींद। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को हरियाणा के जींद दौरे के दौरान देश की पहली हाइड्रोजन ईंधन आधारित ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह ट्रेन जींद से सोनीपत के बीच 86 किलोमीटर का सफर तय करेगी। इसके साथ ही भारत उन चुनिंदा देशों की सूची में शामिल हो गया है, जहां हाइड्रोजन तकनीक आधारित ट्रेनें परिचालन में हैं। इस अवसर पर प्रधानमंत्री ने करीब 14,700 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास भी किया।
जींद के एकलव्य स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री ने रिमोट के माध्यम से नौ प्रमुख परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इनमें सड़क, रेलवे और अन्य आधारभूत ढांचे से जुड़ी योजनाएं शामिल हैं। कार्यक्रम के बाद प्रधानमंत्री चंडीगढ़ के लिए रवाना हुए, जहां उन्होंने स्वास्थ्य, शिक्षा और सड़क अवसंरचना से जुड़ी परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इसके बाद उनका जालंधर दौरा भी निर्धारित है।
जींद से रवाना हुई हाइड्रोजन ट्रेन पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भारतीय रेलवे की बड़ी पहल मानी जा रही है। यह ट्रेन हाइड्रोजन फ्यूल सेल तकनीक पर आधारित है, जिसमें बिजली का उत्पादन ट्रेन के भीतर ही होता है। इसके संचालन के दौरान केवल जलवाष्प का उत्सर्जन होता है, जिससे कार्बन उत्सर्जन लगभग शून्य रहता है और पर्यावरण पर कोई प्रतिकूल प्रभाव नहीं पड़ता।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार यह अत्याधुनिक ट्रेन न केवल अधिक शक्तिशाली और कम शोर वाली है, बल्कि इसमें आधुनिक संचार और सुरक्षा सुविधाएं भी उपलब्ध हैं। ट्रेन के चालक और ट्रेन मैनेजर के बीच बेहतर संवाद व्यवस्था के साथ यात्रियों के लिए आधुनिक घोषणाओं की सुविधा भी दी गई है।
कार्यक्रम से पहले केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि हाइड्रोजन ऊर्जा भविष्य का महत्वपूर्ण स्रोत है और भारत ने राष्ट्रीय हाइड्रोजन मिशन के तहत इस क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है। परिवहन क्षेत्र में हाइड्रोजन तकनीक का उपयोग देश को स्वच्छ और टिकाऊ परिवहन व्यवस्था की ओर ले जाएगा।
प्रधानमंत्री ने अपने हरियाणा दौरे के दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं सहित कई महत्वपूर्ण योजनाओं को भी राष्ट्र को समर्पित किया। इनमें दिल्ली-अमृतसर-कटरा एक्सप्रेसवे के विभिन्न पैकेज, अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत विकसित 75 रेलवे स्टेशनों का उद्घाटन तथा अन्य आधारभूत परियोजनाएं शामिल हैं।
जालंधर में भी प्रधानमंत्री पुनर्विकसित जालंधर कैंट रेलवे स्टेशन का उद्घाटन करेंगे और गुरु रविदास जी के नाम से शुरू की जा रही नई रेल सेवा को हरी झंडी दिखाएंगे। वहीं चंडीगढ़ में पीजीआई के एडवांस्ड मदर एंड चाइल्ड सेंटर और एडवांस्ड न्यूरोसाइंसेज सेंटर सहित कई परियोजनाओं का लोकार्पण किया जाएगा।