Summer express, सोनीपत। हरियाणा का सोनीपत तेजी से औद्योगिक और आधारभूत विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। अत्याधुनिक औद्योगिक परियोजनाओं, विश्वस्तरीय सड़क नेटवर्क और बेहतर कनेक्टिविटी के दम पर जिला राष्ट्रीय ही नहीं, बल्कि वैश्विक औद्योगिक मानचित्र पर अपनी मजबूत पहचान बना रहा है। अब देश की पहली हाइड्रोजन ईंधन आधारित ट्रेन के संचालन का साक्षी बनकर सोनीपत ने विकास की एक और ऐतिहासिक उपलब्धि अपने नाम कर ली है।
खरखौदा स्थित आईएमटी में स्थापित हो रहा मारुति सुजुकी का अत्याधुनिक ऑटोमोबाइल संयंत्र जिले की सबसे बड़ी औद्योगिक परियोजनाओं में शामिल है। करीब 35 हजार करोड़ रुपये के निवेश से विकसित हो रहा यह प्लांट दुनिया का सबसे बड़ा मारुति सुजुकी उत्पादन केंद्र माना जा रहा है। संयंत्र के पूरी क्षमता से शुरू होने पर यहां प्रतिवर्ष लगभग 10 लाख कारों का उत्पादन किया जाएगा, जिससे सोनीपत ऑटोमोबाइल निर्माण के प्रमुख वैश्विक केंद्रों में शामिल हो जाएगा।
इस परियोजना से जिले में हजारों युवाओं के लिए प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर पैदा हो रहे हैं। प्लांट के आसपास ऑटो कंपोनेंट निर्माण इकाइयों, वेयरहाउस, लॉजिस्टिक्स पार्क और अन्य औद्योगिक प्रतिष्ठानों का तेजी से विस्तार हो रहा है। इसके चलते निवेशकों का विश्वास बढ़ा है और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी नई मजबूती मिल रही है।
सोनीपत की विकास यात्रा में मजबूत सड़क नेटवर्क भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। यूईआर-2, कुंडली-मानेसर-पलवल (केएमपी) एक्सप्रेसवे, राष्ट्रीय राजमार्ग-334बी और दिल्ली-अमृतसर-कटरा एक्सप्रेसवे जैसी परियोजनाओं ने जिले को दिल्ली-एनसीआर और उत्तर भारत के प्रमुख शहरों से बेहतर तरीके से जोड़ दिया है। बेहतर कनेक्टिविटी के कारण उद्योगों तक कच्चे माल की आपूर्ति और तैयार उत्पादों की ढुलाई पहले की तुलना में अधिक तेज और किफायती हो गई है।
इसी का परिणाम है कि आईएमटी खरखौदा में लगातार नई औद्योगिक इकाइयों की स्थापना हो रही है और यह क्षेत्र निवेश का प्रमुख केंद्र बनता जा रहा है।
वहीं, हाईवे और एक्सप्रेसवे नेटवर्क के विस्तार के साथ सड़क सुरक्षा पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए सड़क निर्माण में मौजूद खामियों को दूर करने की दिशा में संबंधित विभागों ने कार्रवाई तेज की है। अधिकारियों की जवाबदेही तय होने से भविष्य में सड़क हादसों और जनहानि में कमी आने की उम्मीद जताई जा रही है।
देश की पहली हाइड्रोजन ईंधन आधारित ट्रेन का संचालन शुरू होने के साथ सोनीपत अब स्वच्छ ऊर्जा आधारित परिवहन क्रांति का भी हिस्सा बन गया है। यह पहल न केवल पर्यावरण संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है, बल्कि जिले की आधुनिक और विकसित पहचान को भी नई मजबूती प्रदान करेगी।