दलजीत विक्की | लुधियाना
भारतीय जनता पार्टी ने संगठन को और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए वरिष्ठ एवं कर्मठ नेता सुनील मोदगिल को भाजपा लुधियाना का नया जिला प्रधान नियुक्त किया है।
उनकी नियुक्ति को संगठन के प्रति वर्षों की निष्ठा, सक्रियता और समर्पण का सम्मान माना जा रहा है। पार्टी कार्यकर्ताओं में उनके प्रधान बनने पर उत्साह का माहौल है और उन्हें बधाई देने का सिलसिला लगातार जारी है। सुनील मोदगिल लंबे समय से आरएसएस की विचारधारा से जुड़े रहे हैं। संघ के स्वयंसेवक के रूप में सामाजिक और राष्ट्र निर्माण के कार्यों में सक्रिय रहने के बाद उन्होंने भाजपा के संगठनात्मक कार्यों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
वे भाजपा के सक्रिय कार्यकर्ता, मंडल पदाधिकारी, जिला पदाधिकारी तथा नगर निगम पार्षद के रूप में संगठन और जनता के बीच मजबूत पहचान बना चुके हैं। पार्टी के आंदोलनों में उनकी सक्रिय भूमिका रही है।