Summer express/अम्बाला -:अंबाला शहर में बनिया एकता संघ की ओर से मेधावी छात्र-छात्राओं के सम्मान में एक समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करना था। इस अवसर पर राज्यसभा सांसद कार्तिकेय शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को सम्मानित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं और शिक्षा के माध्यम से समाज व देश का नाम रोशन करने का संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान सांसद कार्तिकेय शर्मा ने आयोजकों की सराहना करते हुए कहा कि सरकारें विकास और जनकल्याण के लिए लगातार कार्य करती हैं, लेकिन सामाजिक संस्थाओं की भागीदारी भी उतनी ही महत्वपूर्ण होती है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों को आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं और समाज में सकारात्मक माहौल तैयार करते हैं।सांसद ने कहा कि जब किसी विद्यार्थी की मेहनत और उपलब्धि को सार्वजनिक मंच पर सम्मान मिलता है, तो उसका आत्मविश्वास बढ़ता है। इससे अन्य छात्र-छात्राएं भी बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित होते हैं। उन्होंने कहा कि समाज के वरिष्ठों और संगठनों द्वारा मिलने वाला सम्मान युवाओं को यह एहसास कराता है कि उनकी मेहनत और प्रतिभा की कद्र की जा रही है। यही भावना उन्हें जीवन में और अधिक मेहनत करने तथा सही दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करती है।उन्होंने सामाजिक संगठनों से अपील की कि वे शिक्षा, युवा विकास और समाजहित से जुड़े ऐसे कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित करते रहें, ताकि अधिक से अधिक बच्चों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिल सके। समारोह में बड़ी संख्या में समाज के गणमान्य लोग, अभिभावक और विद्यार्थी मौजूद रहे।