Summer express/बिलासपुर, सुभाष -:विश्व प्रसिद्ध शक्तिपीठ श्री नैना देवी मंदिर में श्रद्धालुओं की सुविधा को और अधिक आधुनिक एवं सुलभ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। उपायुक्त एवं श्री नैना देवी मंदिर न्यास के आयुक्त राहुल कुमार ने मंदिर परिसर में लाइव ब्रॉडकास्टिंग प्रणाली और आधुनिक तकनीक से निर्मित सोलर हट्स का विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर मंदिर न्यास के अध्यक्ष एवं एसडीएम धर्मपाल भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान उपायुक्त राहुल कुमार ने फीता काटकर दोनों नई सुविधाओं का उद्घाटन किया। इसके बाद उन्होंने मंदिर परिसर में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों का निरीक्षण किया और उनकी प्रगति पर संतोष व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि मंदिर न्यास लगातार श्रद्धालुओं को आधुनिक और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए कार्य कर रहा है, ताकि देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को दर्शन के दौरान किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।राहुल कुमार ने बताया कि मंदिर परिसर में शुरू की गई लाइव ब्रॉडकास्टिंग सुविधा के माध्यम से श्रद्धालु कतारों में खड़े रहने के दौरान भी माता श्री नैना देवी के लाइव दर्शन कर सकेंगे। इसके अलावा मंदिर परिसर के विभिन्न स्थानों पर भी यह प्रसारण उपलब्ध रहेगा, जिससे दर्शन की प्रक्रिया अधिक सहज और सुविधाजनक बनेगी। उन्होंने कहा कि यह पहल विशेष रूप से उन श्रद्धालुओं के लिए लाभदायक होगी, जो अधिक भीड़ के समय लंबे समय तक इंतजार करते हैं।उन्होंने बताया कि मंदिर परिसर में लगभग 16 आधुनिक सोलर हट्स स्थापित किए गए हैं। इन हट्स में बैठने की आरामदायक व्यवस्था के साथ मोबाइल चार्जिंग की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है। श्रद्धालु यहां विश्राम करने के साथ-साथ अपने मोबाइल फोन भी चार्ज कर सकेंगे। सौर ऊर्जा आधारित इन हट्स के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा और ऊर्जा की बचत सुनिश्चित होगी।
उपायुक्त ने कहा कि जिला प्रशासन और मंदिर न्यास का उद्देश्य आगामी श्रावण अष्टमी मेले के दौरान आने वाले लाखों श्रद्धालुओं को आधुनिक, सुरक्षित और सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराना है। उन्होंने विश्वास जताया कि नई तकनीक और आधारभूत सुविधाओं के विस्तार से श्रद्धालुओं का धार्मिक अनुभव और अधिक सुखद बनेगा।इस अवसर पर मंदिर अधिकारी चतर सिंह रानोत, मंदिर न्यास के अकाउंट ऑफिसर मनीष कुमार, मंदिर न्यासी प्रदीप शर्मा, महेश कुमार, प्रभात शर्मा तथा सहायक अभियंता सुनील शर्मा सहित मंदिर न्यास के अन्य अधिकारी और कर्मचारी भी उपस्थित रहे। सभी ने मंदिर परिसर में किए जा रहे विकास कार्यों की सराहना करते हुए श्रद्धालुओं को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने की प्रतिबद्धता दोहराई।