Summer express, हिसार | हरियाणा के हिसार रेलवे स्टेशन पर बुधवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब स्टेशन पर खड़ी एक मालगाड़ी के एलपीजी टैंकर से अचानक गैस का रिसाव शुरू हो गया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए रेलवे कर्मचारियों ने तत्काल सतर्कता बरतते हुए संबंधित अधिकारियों को सूचना दी और संभावित खतरे को टालने के लिए टैंकर को मालगाड़ी से अलग कर सुरक्षित स्थान पर पहुंचा दिया। समय रहते की गई कार्रवाई से एक बड़ा हादसा टल गया।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार एलपीजी से लदी मालगाड़ी बठिंडा से झज्जर की ओर जा रही थी। सुबह करीब आठ बजे जब ट्रेन हिसार रेलवे स्टेशन पर रुकी हुई थी, तभी ड्यूटी पर मौजूद कर्मचारियों ने एक टैंकर से गैस रिसाव होता देखा। सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन सक्रिय हो गया और सुरक्षा के मद्देनजर प्रभावित टैंकर को तुरंत अन्य डिब्बों से अलग कर स्टेशन परिसर से दूर एक सुरक्षित स्थान पर ले जाया गया।
घटना की जानकारी मिलते ही तकनीकी टीम को मौके पर बुलाया गया। साथ ही एहतियात के तौर पर दमकल विभाग को भी सूचना दी गई। कुछ ही देर में दमकल की दो से तीन गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं। दमकल कर्मियों ने सुरक्षा उपायों के तहत टैंकर पर लगातार पानी का छिड़काव किया, जबकि तकनीकी विशेषज्ञ गैस रिसाव को बंद करने में जुट गए।
काफी मशक्कत के बाद तकनीकी टीम ने टैंकर की लीकेज को नियंत्रित कर दिया। रेलवे प्रशासन ने अतिरिक्त सावधानी बरतते हुए बठिंडा से विशेषज्ञों की टीम भी बुलवाई है, जो टैंकर की विस्तृत जांच कर यह सुनिश्चित करेगी कि रिसाव पूरी तरह बंद हो चुका है और टैंकर आगे की यात्रा के लिए सुरक्षित है।
घटना के दौरान रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई थी और आसपास अनावश्यक आवाजाही पर भी निगरानी रखी गई। राहत की बात यह रही कि गैस रिसाव के बावजूद कोई जनहानि या अन्य नुकसान नहीं हुआ। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और टैंकर में रिसाव की वजह का पता लगाया जा रहा है।