Summer express/शिमला-: भाजपा के राज्यसभा सांसद हर्ष महाजन ने बुधवार को केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री श्री नितिन गडकरी से शिष्टाचार भेंट कर हिमाचल प्रदेश की विभिन्न राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं और सड़क अवसंरचना से जुड़े अहम मुद्दों पर चर्चा की।बैठक के दौरान हर्ष महाजन ने प्रदेश के दुर्गम और जनजातीय क्षेत्रों में सड़क संपर्क को और मजबूत बनाने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्गों के विस्तार, लंबित सड़क परियोजनाओं में तेजी लाने तथा प्रदेश के समग्र विकास के लिए केंद्र सरकार से निरंतर सहयोग का आग्रह किया।
महाजन ने विशेष रूप से पठानकोट–चम्बा–भरमौर सड़क परियोजना को भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) के अंतर्गत लाने और इसके कार्य को आगे बढ़ाने के लिए केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस परियोजना के पूरा होने से चम्बा और भरमौर क्षेत्र में आवागमन अधिक सुरक्षित और सुगम होगा। साथ ही पर्यटन, व्यापार और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी नई गति मिलेगी।उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार हिमाचल प्रदेश में सड़क और आधारभूत ढांचे के विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। राष्ट्रीय राजमार्गों और अन्य महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाओं पर तेजी से कार्य होने से प्रदेश के दूरस्थ क्षेत्रों को बेहतर संपर्क सुविधा उपलब्ध होगी और विकास को नया आयाम मिलेगा।हर्ष महाजन ने विश्वास जताया कि केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय के सहयोग से हिमाचल प्रदेश की विभिन्न सड़क परियोजनाएं निर्धारित समय में पूरी होंगी, जिससे प्रदेश के पर्यटन, व्यापार, रोजगार और आम लोगों की आवाजाही को दीर्घकालिक लाभ मिलेगा।