Summer express/शिमला, संजू -:भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश मीडिया प्रभारी एवं विधायक रणधीर शर्मा ने जूंगा स्थित पुलिस प्रथम बटालियन के “हार्मोनी ऑफ द पाइंस” ऑर्केस्ट्रा ग्रुप से जुड़े विवाद को लेकर कांग्रेस सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार इस मामले में निष्पक्ष कार्रवाई करने में विफल रही है और महिला कर्मचारियों की शिकायतों को भी गंभीरता से नहीं लिया जा रहा।
रणधीर शर्मा ने कहा कि ऑर्केस्ट्रा ग्रुप के इंस्पेक्टर विजय कुमार को बिना निष्पक्ष जांच पूरी किए निलंबित कर दिया गया। उनका कहना था कि किसी भी कर्मचारी के खिलाफ कार्रवाई तथ्यों और जांच के आधार पर होनी चाहिए, लेकिन इस मामले में जल्दबाजी दिखाई गई, जिससे निष्पक्षता पर सवाल खड़े हुए हैं।उन्होंने दावा किया कि ऑर्केस्ट्रा ग्रुप में कार्यरत महिला कांस्टेबल दीपिका ठाकुर और कृतिका ने अपने साथ हुए कथित उत्पीड़न को लेकर महिला पुलिस थाना शिमला में शिकायत दर्ज करवाई है। भाजपा के अनुसार, शिकायत में स्थानीय गायक गोपी जैक्स की प्रेस वार्ता के दौरान की गई कथित आपत्तिजनक टिप्पणियों और प्रथम बटालियन के कमांडेंट भूपेंद्र नेगी का भी उल्लेख किया गया है।रणधीर शर्मा ने आरोप लगाया कि शिकायत के बावजूद अब तक एफआईआर दर्ज नहीं की गई है। उन्होंने कहा कि महिला कर्मचारियों पर लगातार दबाव बनाए जाने के आरोप सामने आए हैं और कथित मानसिक तनाव के चलते एक महिला कांस्टेबल को अस्पताल में भर्ती तक होना पड़ा। इसके बावजूद सरकार और पुलिस प्रशासन की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।
भाजपा ने मांग की है कि पूरे मामले में तत्काल एफआईआर दर्ज कर निष्पक्ष जांच कराई जाए। रणधीर शर्मा ने कहा कि जांच में जो भी व्यक्ति दोषी पाया जाए, उसके खिलाफ पद, प्रभाव या राजनीतिक संरक्षण से ऊपर उठकर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि सरकार इस मामले में भी निष्पक्ष कार्रवाई नहीं करती है तो महिला सुरक्षा और कर्मचारियों के अधिकारों को लेकर उसकी प्रतिबद्धता पर गंभीर सवाल खड़े होंगे।