Summer express, सुंदरनगर। मंडी जिले के सुंदरनगर स्थित हराबाग फोरलेन पर रविवार तड़के हुए एक सड़क हादसे में मोटरसाइकिल सवार युवक और युवती गंभीर रूप से घायल हो गए। चंडीगढ़ से मंडी लौट रहे दोनों युवाओं की बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे बिजली के खंभे से जा टकराई। हादसे के बाद दोनों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से उन्हें बेहतर इलाज के लिए एम्स बिलासपुर रेफर किया गया। फिलहाल दोनों की स्थिति स्थिर बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार घायल युवती की पहचान 28 वर्षीय चित्रकला निवासी गांव सरांडा, डाकघर पंडोह, जिला मंडी के रूप में हुई है, जो देहरादून के एक निजी अस्पताल में नर्स के पद पर कार्यरत हैं। वहीं घायल युवक कमल राणा (26) गांव देवधार, डाकघर तल्याहड़ का निवासी है।
शिकायतकर्ता चित्रकला ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि वह एक अगस्त की रात अपने मित्र कमल राणा के साथ मोटरसाइकिल पर चंडीगढ़ से मंडी के लिए रवाना हुई थीं। रविवार सुबह करीब 5:30 बजे जब वे हराबाग फोरलेन के पास पहुंचे तो बाइक अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे लगे विद्युत पोल से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने राहत कार्य शुरू किया और दोनों घायलों को तुरंत सिविल अस्पताल सुंदरनगर पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उन्हें नेरचौक मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। गंभीर चोटों को देखते हुए बाद में दोनों को अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) बिलासपुर भेजा गया, जहां उपचार के बाद उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि हादसे के समय मोटरसाइकिल कमल राणा चला रहा था। शिकायतकर्ता ने अपने बयान में दुर्घटना के लिए तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने को जिम्मेदार ठहराया है। इसके आधार पर पुलिस ने चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
डीएसपी सुंदरनगर भारत भूषण ने बताया कि दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और मामले में नियमानुसार आगे की कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि हादसा केवल तेज गति के कारण हुआ या इसके पीछे कोई अन्य कारण भी था।