Summer express/मंडी/धर्मवीर -: मंडी जिला स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से बरसात के इस मौसम में पानी को अच्छी तरह उबालकर पीने की सलाह दी है। सीएमओ मंडी डा. दिनेश ठाकुर ने बताया कि इस मौसम में जलजनित रोगों का खतरा अधिक बढ़ जाता है और इन दिनों जिला भर के अस्पतालों में रोजाना ऐसे लोग उपचार के लिए आ भी रहे हैं। उन्होंने बताया कि बरसात में डायरिया, डायसेंटरी, मलेरिया, टायफाइड और डेंगू आदि का खतरा अधिक बढ़ जाता है। उन्होंने लोगों को सलाह दी है कि वे पानी को पहले अच्छी तरह से उबाल लें और उसके बाद उसे ठंडा करके ही इस्तेमाल करें। अपने घरों के आस पास साफ सफाई का विशेष ध्यान रखें। यदि लोग इस तरह की सावधानियां बरतेंगे तो फिर वे जलजनित रोगों से स्वतः ही दूर रहेंगे और उन्हें अस्पताल आदि के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे।
डा. दिनेश ठाकुर ने लोगों से यह भी अपील की है कि वे बीमारी की स्थिति में लापरवाही न बरतें और जब भी बुखार या अन्य लक्ष्ण दिखें तो तुरंत प्रभाव से अपने नजदीकी स्वास्थ्य संस्थान में जाकर जांच करवाकर उपचार लें। उन्होंने बताया कि विभाग के पास दवाईयों की पर्याप्त व्यवस्था है। उन्होंने घास काटने और खेतों में काम करने वाले ग्रामीणों से भी अपील की है कि वे स्क्रब टायफस के कीटाणू से बचाव के लिए अपने शरीर को ढककर ही कार्य करें। यदि उन्हें शरीर के किसी स्थान पर स्क्रब टायफस के काटने का लक्ष्ण नजर आता है तो तुरंत इसकी जांच करवाकर उपचार लें।