शगुन कश्यप। चंडीगढ़
समर न्यूज
वार्ड नंबर-19, बापूधाम कॉलोनी से भाजपा पार्षद दिलीप शर्मा ने कहा कि उनका राजनीतिक सफर राम मंदिर आंदोलन के दौरान बजरंग दल से जुड़ने के साथ शुरू हुआ। इसके बाद वह भाजपा की सक्रिय राजनीति में आए और मंडल अध्यक्ष, जिला महामंत्री और कॉलोनी सेल से जुड़ी विभिन्न जिम्मेदारियां संभालीं।
उन्होंने बताया कि वर्ष 2016 में भाजपा से टिकट नहीं मिलने पर निर्दलीय चुनाव लड़ा और जीत हासिल की, लेकिन बाद में फिर भाजपा के साथ जुड़े रहे।
दिलीप शर्मा ने बताया कि वार्ड नंबर-19 के बापूधाम कॉलोनी क्षेत्र में शुरुआती समय में सड़क, गलियों, खेल मैदान और अन्य बुनियादी सुविधाओं की कमी थी। उनके अनुसार कम्युनिटी सेंटर को लोगों के उपयोग के लिए तैयार करवाने के साथ स्कूल को अपग्रेड कर सीनियर सेकेंडरी स्तर तक पहुंचाने और खेल मैदान को बेहतर बनाने की दिशा में भी काम हुआ। क्षेत्र में सड़कों और गलियों का निर्माण भी करवाया गया।
उन्होंने कहा कि 2016 के बाद वार्ड में पुलिस चौकी के पास करीब डेढ़ करोड़ रुपये की लागत से पार्क विकसित करवाया गया। कम्युनिटी सेंटर की मरम्मत करवाई गई और पानी की किल्लत दूर करने के लिए अतिरिक्त आठ इंच की पाइपलाइन और भूमिगत जल भंडारण की व्यवस्था करवाई गई। बरसात के समय जलभराव की समस्या को कम करने के लिए खुली नालियां और पाइपें भी डलवाई गईं।
वार्ड नंबर-19 में करीब तीन करोड़ का पार्क बताया ‘ड्रीम प्रोजेक्ट’
शर्मा ने बताया कि वार्ड में खाली पड़ी जमीन पर बड़े पार्क का प्रस्ताव करीब नौ वर्षों से विभिन्न मंजूरियों के बीच अटका हुआ था। अब लगभग तीन करोड़ रुपये की लागत से वहां काम चल रहा है। प्रस्तावित सुविधाओं में वॉलीबॉल कोर्ट, छठ पूजा के लिए स्थान, मंच, सार्वजनिक शौचालय और मेडिटेशन सेंटर शामिल हैं। उन्होंने इसे अपना महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट बताया।
वार्ड नंबर-19 को स्वच्छ रखने में जनता का सहयोग जरूरी
दिलीप शर्मा ने वार्ड नंबर-19 के निवासियों से स्वच्छता बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि नगर निगम के सफाई कर्मचारी नियमित रूप से क्षेत्र में आते हैं और घर-घर कचरा संग्रहण की गाड़ियां भी उपलब्ध हैं। लोगों को सड़कों पर कचरा फेंकने से बचना चाहिए और गीले-सूखे कचरे को अलग कर निर्धारित वाहन में ही डालना चाहिए। उनका कहना है कि प्रशासन की व्यवस्था के साथ नागरिकों का सहयोग भी जरूरी है, तभी वार्ड को साफ और स्वस्थ रखा जा सकता है।