एजेंसी | रांची
झारखंड में भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर चल रहा छात्र आंदोलन सोमवार को विधानसभा मार्च के साथ और तेज हो गया। बड़ी संख्या में जेपीएससी और जेएसएससी की परीक्षाओं के अभ्यर्थी रांची में विधानसभा की ओर बढ़े। सुरक्षा बलों ने प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए कई स्तरों पर बैरिकेडिंग की थी।
प्रदर्शनकारियों के आगे बढ़ने पर पुलिस ने वाटर कैनन का इस्तेमाल किया और बाद में लाठीचार्ज भी किया। विधानसभा के आसपास निषेधाज्ञा लागू की गई थी और बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया था। आंदोलन की शुरुआत भर्ती परीक्षाओं में कथित पेपर लीक, परीक्षा संचालन में गड़बड़ी और चयन प्रक्रिया में पारदर्शिता की मांगों को लेकर हुई थी। छात्रों का आरोप है कि बार-बार होने वाली अनियमितताओं से उनकी वर्षों की तैयारी और भविष्य प्रभावित हो रहा है। आंदोलन में जेएसएससी की संयुक्त स्नातक स्तरीय (सीजीएल) परीक्षा समेत अन्य भर्ती परीक्षाओं को लेकर भी सवाल उठाए जा रहे हैं।