Summer express/राहुल चावला , धर्मशाला-: डिजिटल कनेक्टिविटी को गांव-गांव तक पहुंचाने की दिशा में भारतनेट परियोजना के तहत कांगड़ा जिले में फाइबर नेटवर्क बिछाने का काम तेजी से जारी है। इसका उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों की पंचायतों को हाई-स्पीड इंटरनेट और डिजिटल सेवाओं से जोड़ना है। बीएसएनएल धर्मशाला के वरिष्ठ महाप्रबंधक डॉ. विपिन कुमार मौर्या ने बताया कि कांगड़ा में करीब 400 ग्राम पंचायतों को भारतनेट के तहत कवर किया जाएगा।
डॉ. मौर्या के अनुसार कांगड़ा के आठ ब्लॉकों में भारतनेट के तहत फाइबर बिछाने का काम चल रहा है। भवारना ब्लॉक में काम लगभग पूरा हो चुका है, जबकि परागपुर, पंचरुखी, सुलह, फतेहपुर और इंदौरा समेत अन्य क्षेत्रों में कार्य जारी है। भवारना और परागपुर में भारतनेट के माध्यम से कनेक्शन देने की शुरुआत भी हो चुकी है और अब तक करीब 28 से 30 कनेक्शन दिए जा चुके हैं।उन्होंने बताया कि कांगड़ा की करीब 225 ग्राम पंचायतें सिस्टम पर आ चुकी हैं, जहां कनेक्शन देने का काम शुरू किया जा सकता है। जिन पंचायतों में बिजली कनेक्शन और आवश्यक उपकरण स्थापित हो चुके हैं, वहां से सेवाएं शुरू की जा रही हैं।भारतनेट के तहत एफटीटीएच (फाइबर टू द होम ) तकनीक का इस्तेमाल किया जा रहा है। परियोजना के माध्यम से ग्राम पंचायतों को फाइबर नेटवर्क, इंटरनेट कनेक्टिविटी और डिजिटल सेवाओं की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने बताया कि नेटवर्क को रिंग सिस्टम पर भी लाया जा रहा है, ताकि किसी एक स्थान पर केबल में खराबी आने पर दूसरी दिशा से कनेक्टिविटी बहाल रखी जा सके।