Summer express/राहुल चावला, धर्मशाला-:लंबे समय से बैचवाइज भर्ती प्रक्रिया शुरू न होने से नाराज बीएड बेरोजगार अभ्यर्थियों ने धर्मशाला में सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। बारिश के बीच प्रदर्शनकारियों ने अपनी मांगों को लेकर आवाज बुलंद करते हुए जल्द भर्ती प्रक्रिया शुरू कर नियुक्तियां देने की मांग उठाई। अभ्यर्थियों का कहना है कि बीएड की डिग्री हासिल करने के बावजूद वे वर्षों से रोजगार का इंतजार कर रहे हैं, जिससे उनका भविष्य अधर में लटक गया है।
अनएम्प्लॉयमेंट बीएड यूनियन के जिला कांगड़ा महासचिव सोनी कुमार ने कहा कि शिक्षक राष्ट्र निर्माण में अहम भूमिका निभाता है, लेकिन बीएड प्रशिक्षित युवा आज रोजगार के लिए सड़कों पर उतरने को मजबूर हैं। उन्होंने सरकार से लंबे समय से लंबित बैचवाइज भर्ती प्रक्रिया को जल्द आगे बढ़ाने की मांग की।सोनी कुमार ने कहा कि शिक्षकों को यदि सीमित अवधि के लिए ही रोजगार दिया जाता है, तो उनके मन में भविष्य को लेकर असुरक्षा बनी रहती है। इसका सीधा असर विद्यार्थियों की पढ़ाई पर भी पड़ सकता है। उन्होंने कहा कि उनकी लड़ाई केवल रोजगार हासिल करने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह सामाजिक न्याय और समान अवसर की मांग भी है।उन्होंने बताया कि प्रदर्शन की शुरुआत शहीद स्मारक से करने की योजना थी, लेकिन तेज बारिश के कारण कार्यक्रम में बदलाव करना पड़ा। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर जल्द सकारात्मक फैसला नहीं लिया गया तो वे अहिंसात्मक तरीके से आंदोलन जारी रखेंगे। साथ ही सामाजिक संगठनों और कानूनी माध्यम से भी सरकार तक अपनी आवाज पहुंचाएंगे।