Summer express, अंबाला | अंबाला के काजीवाड़ा इलाके में देर रात घर के बाहर बैठी 62 वर्षीय महिला संतोष संदिग्ध परिस्थितियों में गोली लगने से घायल हो गई। गोली महिला की जांघ को छूकर निकल गई। परिजन उसे तत्काल अंबाला शहर के नागरिक अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उपचार किया। प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल प्रशासन ने पुलिस को घटना की सूचना दी।
पुलिस के अनुसार, संतोष रात के समय अपने घर के बाहर बैठी हुई थी। इसी दौरान अचानक उसे जांघ में तेज दर्द महसूस हुआ। जब उसने देखा तो वह गोली लगने से घायल थी। महिला ने पुलिस को बताया कि उसे यह जानकारी नहीं है कि गोली किस दिशा से आई और किसने चलाई। घटना के बाद इलाके में भी लोगों में चिंता का माहौल है।
सूचना मिलते ही अंबाला सिटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास के क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि गोली चलने की दिशा और घटना में शामिल व्यक्ति का पता लगाया जा सके। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि गोली जानबूझकर चलाई गई थी या फिर किसी अन्य स्थान से चली गोली महिला को आकर लगी।
अंबाला सिटी थाना प्रभारी सुनीता ढाका के अनुसार, मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर घटना की कड़ियां जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही गोली चलने के वास्तविक कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा।