हमीरपुर,अरविंद-:हमीरपुर शहर में बार-बार सड़कों की खुदाई से लोगों और दुकानदारों को होने वाली परेशानी जल्द खत्म होने की उम्मीद है। शहर में विद्युत लाइनों को भूमिगत करने के साथ ही अन्य विभागों की केबल और पाइपलाइन एक साथ बिछाने के लिए मल्टी-डक सिस्टम तैयार किया जाएगा। इस योजना पर करीब 20 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।मल्टी-डक सिस्टम के तहत सड़क के किनारे भूमिगत डक्ट बनाया जाएगा, जिसमें विद्युत विभाग के अलावा बीएसएनएल, जल शक्ति विभाग और लोक निर्माण विभाग से संबंधित केबल व पाइपलाइन डालने का प्रावधान होगा। इससे भविष्य में किसी विभाग को नई लाइन डालने या मरम्मत के लिए बार-बार सड़क की खुदाई नहीं करनी पड़ेगी।
विद्युत बोर्ड हमीरपुर के डिप्टी चीफ इंजीनियर आशीष कपूर ने बताया कि शहर में अंडरग्राउंड डक्ट सिस्टम का काम जल्द शुरू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस व्यवस्था से विभिन्न विभागों की लाइनें एक ही सिस्टम में उपलब्ध रहेंगी और सड़कों को बार-बार खोदने की जरूरत नहीं पड़ेगी।उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने हमीरपुर शहर की विद्युत लाइनों को भूमिगत करने के लिए करीब 20 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की थी। यह राशि अब लोक निर्माण विभाग को उपलब्ध करवा दी गई है और जल्द ही निर्माण कार्य शुरू होने की संभावना है।योजना के पहले चरण में गांधी चौक से सब्जी मंडी तक विद्युत लाइनों को भूमिगत करने का काम किया जाएगा। इसी दौरान अन्य संबंधित विभागों की केबल और पाइपलाइन को भी डक्ट में डालने की व्यवस्था की जाएगी। इससे शहर की सड़कों को बार-बार उखाड़ने की समस्या पर रोक लगेगी और यातायात व्यवस्था के साथ-साथ शहर की सुंदरता में भी सुधार होने की उम्मीद है।