summer express ,बेंगलुरु। कर्नाटक के यादगीर जिले में पारिवारिक विवाद के बीच एक पिता पर अपने ही दो मासूम बच्चों की नहर में धकेलकर हत्या करने का आरोप लगा है। घटना के बाद आरोपी ने खुद पुलिस के आपातकालीन नंबर 112 पर फोन कर वारदात की जानकारी दी। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान शांतप्पा के रूप में हुई है। वह अपने तीन बच्चों को मोटरसाइकिल पर लेकर बिगुड़ी इलाके में स्थित नहर के पास पहुंचा था। आरोप है कि यहां उसने अपने बेटे और बेटी को नहर में धकेल दिया, जबकि छह वर्षीय बेटी को अपने साथ लेकर वहां से चला गया।
यादगीर पहुंचने के बाद आरोपी ने 112 पर फोन किया और पुलिस को बताया कि उसने अपने दो बच्चों को नहर में धकेल दिया है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम आरोपी के साथ मौके पर पहुंची। हालांकि, रात होने के कारण तत्काल बड़े स्तर पर तलाशी अभियान शुरू नहीं किया जा सका।
पुलिस अधीक्षक पृथ्वीक शंकर के मुताबिक, बेटे का शव दोपहर करीब 3:30 बजे बरामद किया गया, जबकि बेटी का शव शाम करीब 5:30 से 6 बजे के बीच मिला। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है।
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर बताया कि उसके दोनों बच्चे अपनी मां रेणुका के अधिक करीब थे और उसके साथ उनके संबंध अच्छे नहीं थे। पुलिस को आशंका है कि पारिवारिक कलह और इसी बात की खुन्नस में उसने यह कदम उठाया। हालांकि, घटना के वास्तविक कारणों की पुष्टि विस्तृत जांच के बाद ही हो सकेगी।
पुलिस ने पहले आरोपी के खिलाफ अपहरण का मामला दर्ज किया था। अब दोनों बच्चों की मौत के बाद मामले में हत्या की धाराएं जोड़ने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पुलिस घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।