summer express ,हैदराबाद। तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी के प्रस्तावित अमेरिका दौरे को केंद्र सरकार की मंजूरी नहीं मिल सकी। मुख्यमंत्री कार्यालय के अनुसार, विदेश मंत्रालय से राजनीतिक मंजूरी नहीं मिलने के कारण उनके नेतृत्व वाले तेलंगाना राइजिंग प्रतिनिधिमंडल को अमेरिका यात्रा रद्द करनी पड़ी है।
रेवंत रेड्डी फिलहाल ब्रिटेन के दौरे पर हैं। उनका ब्रिटेन और अमेरिका का कुल 10 दिवसीय विदेश दौरा प्रस्तावित था। योजना के तहत ब्रिटेन यात्रा पूरी करने के बाद उन्हें अमेरिका जाना था और इसके बाद 30 अगस्त को हैदराबाद लौटना था। हालांकि, अमेरिका यात्रा के लिए आवश्यक राजनीतिक मंजूरी नहीं मिलने के चलते कार्यक्रम में बदलाव करना पड़ा।
अमेरिका में कई महत्वपूर्ण कार्यक्रम थे प्रस्तावित
अमेरिका दौरे के दौरान मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी के हार्वर्ड विश्वविद्यालय और मैसाचुसेट्स इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (MIT) जाने का कार्यक्रम था। इसके अलावा 25 अगस्त को बोस्टन में वर्जीनिया टेक यूनिवर्सिटी की एक टीम के साथ बैठक भी प्रस्तावित थी।
न्यूयॉर्क में इंडियन ओवरसीज कांग्रेस के अमेरिकी चैप्टर की ओर से आयोजित प्रवासी सम्मेलन में भी रेवंत रेड्डी के शामिल होने की योजना थी। इन कार्यक्रमों के जरिए तेलंगाना में निवेश, शिक्षा, तकनीक और राज्य के विकास से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की जानी थी।
ब्रिटेन में भी कई कार्यक्रमों में शामिल होंगे
रेवंत रेड्डी ने गुरुवार को लंदन पहुंचकर अपने विदेश दौरे की शुरुआत की थी। ब्रिटेन यात्रा के दौरान ऑक्सफोर्ड विश्वविद्यालय के ब्लावतनिक स्कूल ऑफ गवर्नमेंट सहित कई संस्थानों के कार्यक्रम निर्धारित हैं। इसके अलावा कैम्ब्रिज विश्वविद्यालय, लंदन विश्वविद्यालय और लंदन बिजनेस स्कूल के प्रतिनिधियों के साथ संवाद भी प्रस्तावित है।
उनके कार्यक्रम में एमिरेट्स स्टेडियम में ईपीएल फुटबॉल से संबंधित प्रस्तुति भी शामिल है। विदेश यात्रा पर रवाना होने से पहले मुख्यमंत्री बुधवार को नई दिल्ली में कांग्रेस कार्य समिति की बैठक में भी शामिल हुए थे।
मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से अमेरिका दौरा रद्द किए जाने की जानकारी देते हुए कहा गया है कि विदेश मंत्रालय से राजनीतिक मंजूरी नहीं मिलने के कारण प्रतिनिधिमंडल को अपनी यात्रा योजना बदलनी पड़ी।